Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

गृहिणी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 4.12 करोड़ रुपये की मारी ठगी, दो लोग गिरफ्तार 

December 2, 2024

गृहिणी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 4.12 करोड़ रुपये की मारी ठगी, दो लोग गिरफ्तार 
Digital Arrest : कोच्चि में एक गृहिणी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उससे कथित तौर पर 4.12 करोड़ रुपये की ठगी करने के लिए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद मुहासिल (22) व मिशाब के पी (21) दोनों ही मलप्पुरम जिले के आरीकोड के रहने वाले हैं और उन्होंने धोखाधड़ी करने के लिए खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया था।
पुलिस के मुताबिक, उन्होंने पीड़िता से संपर्क किया और दावा किया कि उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर एक फर्जी बैंक खाता बनाया गया है।
पुलिस ने बताया कि घबराई गृहिणी को गलत सूचना दी गई कि उसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ किया गया है और उसे जालसाजों द्वारा दिए गए बैंक खाते में 4.12 करोड़ रुपये भेजने का निर्देश दिया गया। ।
शुरू में थ्रीक्काकारा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे बाद में कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर पुट्टा विमलादित्य के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) मुरली एमके को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि अपराधियों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। पुलिस के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने पाया कि ठगी गई रकम का एक बड़ा हिस्सा मलप्पुरम में निकाला जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पैसे निकालने के लिए कथित तौर पर अलग-अलग व्यक्तियों के कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया, जिससे उनका पता लगाना मुश्किल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, कॉल रिकॉर्ड और रुपयों की निकासी के स्थानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कोच्चि साइबर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने बताया कि जांच में यह पाया गया कि उन्होंने चोरी की गई रकम का इस्तेमाल एक शानदार जीवनशैली जीने के लिए किया।
पुलिस के मुताबिक, यह घोटाला देश भर में जारी एक बड़े जालसाजी नेटवर्क का हिस्सा प्रतीत होता है और इसमें शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें