Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली में गाड़ी खड़ी करने को लेकर फिर हुआ विवाद, पड़ोसियों ने बुजुर्ग को बुरी तरह से पीटा…अस्पताल में भर्ती

नेशनल डेस्क: पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 73 वर्षीय एक बुजुर्ग की उन्हीं के पड़ोसियों ने बुरी तरह सोे पिटाई कर दी। पीड़ित के परिवार के मुताबिक, अमर सिंह की हालत गंभीर है और एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात को अमर के बेटे अभिषेक सिंह और उनके पड़ोसी राजकुमार मदान व उसके बेटे आयुष तथा शिवम के बीच पीड़ित के घर के सामने दो गाड़ी खड़ी करने के बाद कहासुनी हुई थी।

 

पुलिस ने पीड़ित की बहु सोनिया सिंह की शिकायत के हवाले से बताया कि तीनों आरोपियों ने पहले अभिषेक पर हमला किया और जब उनके ससुर अमर ने बीच-बचाव किया तो उन्होंने बुजुर्ग को भी पीटा। पुलिस के मुताबिक, दूसरे पड़ोसियों की मदद से पिता-पुत्र को बचाया गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में घटना की सूचना दी। सोनिया ने बताया, ”आरोपियों मेरे ससुर को धक्का दिया, जिसकी वजह से वह जमीन पर गिर गए और उन्हें सिर में गंभीर चोट आई है। हम उन्हें दीन दयाल अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें महाराजा अग्रसेन अस्पताल भेज दिया गया। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें ICUमें भर्ती किया गया है।”

 

सोनिया ने बताया कि अमर एक सेवानिवृत सरकारी अधिकारी हैं। सोनिया के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद कई महीनों से जारी था। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास)और 341 (गलत तरीके से रोकने) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

Exit mobile version