Site icon Dainik Savera Times

Karnataka : डीके शिवकुमार का नवजोत कौर के 500 करोड़ वाले बयान पर पलटवार, कहा- उन्हें किसी मानसिक अस्पताल में…

DK Shivakumar, Navjot Kaur statement

DK Shivakumar, Navjot Kaur statement

नई दिल्ली। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने सोमवार को कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नवजोत कौर को किसी अच्छे मानसिक अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत है। वहीं, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने इस बयान पर तुरंत पलटवार किया। कांग्रेस के अंदर भी इस बयान को लेकर नाराजगी देखी गई।

नवजोत कौर ने दिया था ये बयान
कुछ दिन पहले नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर ने एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, जो व्यक्ति 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन पाता है। इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल मच गई।

सिद्धू की राजनीति को लेकर रखी ये शर्त
नवजोत कौर ने यह भी कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू 2027 के चुनाव से पहले तभी राजनीति में वापसी करेंगे, अगर कांग्रेस उन्हें पंजाब में मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करती है। उन्होंने कहा कि उनके पास किसी को देने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन अगर मौका मिले तो वे पंजाब को “स्वर्ण राज्य” बना सकते हैं।

राज्यपाल से मिलने के बाद दिया बयान
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए नवजोत कौर ने कहा हम पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं… लेकिन हमारे पास 500 करोड़ रुपये नहीं हैं जो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए दिए जाएं। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या किसी ने उनसे पैसे की मांग की है, तो उन्होंने कहा ऐसा नहीं है, लेकिन जो 500 करोड़ देता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। बाद में विवाद बढ़ने पर उन्होंने कहा कि उनका बयान गलत तरीके से पेश किया गया।

नवजोत कौर ने अब दी सफाई
रविवार शाम उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा— “मैं हैरान हूं कि मेरे सीधे-साधे बयान को तोड़-मरोड़ दिया गया। कांग्रेस पार्टी ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब मुझसे पूछा गया कि क्या नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री चेहरा बन सकते हैं, तो मैंने सिर्फ इतना कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के लिए पैसे नहीं हैं।”

 

Exit mobile version