नेशनल डेस्क। परिसीमन विधेयक पर राजनीतिक हलचल के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन की प्रशंसा की है। उन्होंने एमके स्टालिन से अनुरोध किया कि वे परिसीमन से जुड़े संशोधन विधेयकों का विरोध करें। इसके बाद एमके स्टालिन ने भी अपना जवाब दिया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में राहुल गांधी और ‘इंडिया’ ब्लॉक के प्रमुख नेता रविवार को चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि वे ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कहा कि हम एमके स्टालिन और डीएमके से अनुरोध करेंगे कि वे परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करें। सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे भाजपा-आरएसएस को भारत के पूरे चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से फिर से तैयार करने की खुली छूट मिल जाएगी।
साथ ही, कांग्रेस सांसद ने एमके स्टालिन की तारीफ की। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि एमके स्टालिन हमेशा तमिल-विरोधी ताकतों के खिलाफ एक चट्टान की तरह डटे रहे हैं। राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर इस विधेयक को हराना होगा।
इसके बाद एमके स्टालिन ने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का शुक्रिया अदा किया। साथ ही, डीएमके प्रमुख ने अपने जवाब में कहा, “हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर ही हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे।”
एमके स्टालिन ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि इतिहास हमें देशभक्त के रूप में याद रखेगा, न कि गद्दार के रूप में। गौरतलब है कि ‘इंडिया’ ब्लॉक में कांग्रेस की सहयोगी डीएमके ने केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से संसद में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला लिया है।

