Dainik Savera Times

डॉग ‘टाइसन’ ने गोली खाकर भी सुरक्षाबलों को बताया जैश के आतंकियों का ठिकाना, पढ़ें जांबाज ‘टाइसन’ की पूरी कहानी

Army Dog Tyson-4

Army Dog Tyson News: जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के छात्रू इलाके के घने जंगलों में सेना ने आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया था। इस ऑपरेशन में सेना की 2 पैरा स्पेशल फोर्स के साथ एक बहादुर आर्मी डॉग टाइसन भी शामिल था। टाइसन ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से छिपे हुए तीन आतंकवादियों तक सेना को पहुंचाया।

के-9 डॉग टाइसन ने ढूंढ निकाला आतंकियों का ठिकाना
रविवार सुबह करीब 11 बजे सेना इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। जंगल में एक ढोक (छिपने की जगह) में आतंकी छिपे हुए थे। जर्मन शेफर्ड नस्ल का एलीट आर्मी डॉग टाइसन सबसे आगे चल रहा था और उसके पीछे उसका हैंडलर और अन्य जवान थे। टाइसन ने सूंघकर आतंकियों की सही लोकेशन का पता लगा लिया और सैनिकों को उस जगह तक पहुंचा दिया जहां वे छिपे थे।

आतंकियों ने टाइसन पर चलाई गोली
जब आतंकी ने टाइसन को अपनी ओर आते देखा तो उन्होंने उस पर गोली चला दी। गोलीबारी में एक गोली टाइसन के अगले दाएं पैर में लगी। घायल होने के बावजूद टाइसन ने अपना काम पूरा किया और अपनी टीम को आतंकियों की सही जगह के बारे में संकेत दे दिया। अगर टाइसन समय रहते आतंकियों का पता नहीं लगाता, तो वे छिपकर सेना के जवानों को नुकसान पहुंचा सकते थे।

 

सेना ने तीनों आतंकियों को किया ढेर
टाइसन द्वारा बताई गई लोकेशन के बाद सेना ने आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई और जवानों ने तीनों आतंकवादियों को मार गिराया। यह ऑपरेशन सेना के लिए बड़ी सफलता साबित हुआ।

घायल टाइसन को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया अस्पताल
गोली लगने के बाद टाइसन को तुरंत वहां से सुरक्षित निकाला गया। उसे हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर Udhampur के आर्मी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। सेना के सूत्रों के अनुसार टाइसन की हालत अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

आतंक विरोधी अभियानों में निभा रहा था अहम भूमिका
सैन्य अधिकारियों के मुताबिक टाइसन लंबे समय से इस क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। उसकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सेना के अधिकारियों और जवानों ने सराहना की है। टाइसन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सेना के डॉग स्क्वॉड देश की सुरक्षा में कितना बड़ा योगदान देते हैं।

 

Exit mobile version