इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान को लेकर अपने पुराने दावे को दोहराया है। शुक्रवार, 9 जनवरी को ट्रंप ने कहा कि उन्हीं की पहल से भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध को रोका गया था।
डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अमेरिका दौरे पर आए थे, तब उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उन्हें धन्यवाद दिया था। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा था कि ट्रंप की कोशिशों से लाखों लोगों की जान बची, क्योंकि हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।
तेल और गैस क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ एक बैठक के बाद ट्रंप ने मीडिया से बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह मुद्दा काफी उग्र रूप ले सकता था, लेकिन समय रहते हस्तक्षेप करके हालात को संभाल लिया गया।
ट्रंप ने आगे कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम कराने में उनकी भूमिका अहम रही। ट्रंप का दावा है कि इस कदम से कम से कम एक करोड़ लोगों की जान बचाई जा सकी।
नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर भी ट्रंप ने अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह इस तरह की उपलब्धियों का ज्यादा प्रचार नहीं करना चाहते, लेकिन इतिहास में शायद ही कोई ऐसा नेता होगा, जिसने उनसे ज्यादा संघर्षों को सुलझाया हो और उनसे अधिक नोबेल पुरस्कार पाने का हकदार हो।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि चाहे लोग उन्हें पसंद करें या नहीं, लेकिन उन्होंने अब तक आठ बड़े अंतरराष्ट्रीय टकरावों को खत्म कराने में भूमिका निभाई है। ट्रंप इससे पहले भी कई मौकों पर नोबेल शांति पुरस्कार मिलने की उम्मीद जता चुके हैं।
ये भी पढ़ें: बजट से पहले पेट्रोल-डीजल और CNG कें कीमतों में आई हलचल… जानिए आज कें लेटेस्ट रेट

