Site icon Dainik Savera Times

World Students Day: अब्दुल कलाम की जयंती पर क्यों मनाया जाता है वर्ल्‍ड स्टूडेंट्स डे? जानिए पूरी कहानी

World Students Day 2025: हर साल 15 अक्टूबर को दुनिया भर में विश्व छात्र दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और छात्रों के प्रेरणास्रोत डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। डॉ. कलाम को “मिसाइल मैन ऑफ इंडिया” कहा जाता है, लेकिन उनके दिल के सबसे करीब थे छात्र। दरअसल डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कहते थे “सपने वो नहीं जो हम सोते वक्त देखते हैं, बल्कि वो जो हमें सोने नहीं देते।” यही सोच उन्हें हर विद्यार्थी का रोल मॉडल बनाती है। आइए जानते हैं कि वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे क्यों मनाया जाता है और इसका उद्देश्य क्या है…

क्यों मनाते हैं विश्व छात्र दिवस?

डॉ. कलाम का मानना था कि शिक्षा (Education) वो ताकत है जो किसी भी व्यक्ति, समाज या देश को बदल सकती है। उनका विश्वास था कि अगर छात्रों को सही दिशा, सही अवसर और आत्मविश्वास मिले, तो वे दुनिया को नया रूप दे सकते हैं।
इस दिन का उद्देश्य है-

–छात्रों की मेहनत, रचनात्मकता और जिज्ञासा को सम्मान देना।
–सभी के लिए समान शिक्षा अवसर सुनिश्चित करना।
–युवाओं में नवाचार और नेतृत्व की भावना को बढ़ावा देना।
–डॉ. कलाम के लिए शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं थी, बल्कि जीवन के अनुभवों से सीखने की कला थी।

इसके पीछे की कहानी

डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम भारत के 11वें राष्ट्रपति रहे, लेकिन खुद को हमेशा एक टीचर के रूप में पहचानते थे। वह कहते थे, “मैं पहले एक शिक्षक हूं, फिर कुछ और…।” राष्ट्रपति बनने के बाद भी वे छात्रों से सीधे संवाद करते थे। वे स्कूल-कॉलेजों में जाकर उनसे बातें करते, उनके सवालों के जवाब देते और उन्हें बड़ा सोचने की प्रेरणा देते। उनका मानना था कि हर बच्चे में एक चेंजमेकर छिपा होता है, जिसे बस सही मार्गदर्शन की जरूरत है। उनकी आत्मकथा “Wings of Fire” और उनकी सोच से यह स्पष्ट है कि वे कितने विनम्र और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित थे। इसीलिए, उनके जन्मदिन 15 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र (UN) ने वर्ष 2010 में World Students Day के रूप में घोषित किया। तब से हर साल यह दिन दुनियाभर में छात्रों और शिक्षकों के सम्मान में मनाया जाता है।

इस दिन का महत्व

वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे का असली मकसद सिर्फ जश्न मनाना नहीं, बल्कि एक्शन और जिम्मेदारी का संदेश देना है। इस दिन छात्रों की उपलब्धियों को पहचानने की पहल की जाती है, शिक्षा से जुड़ी असमानताओं और चुनौतियों पर चर्चा होती है, और सबको गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार दिलाने की बात दोहराई जाती है।
आज जब दुनिया AI, टेक्नोलॉजी और डिजिटल एजुकेशन की ओर बढ़ रही है, तब डॉ. कलाम के विचार पहले से भी ज्यादा प्रासंगिक हैं। वे हमेशा कहते थे “FAIL का मतलब होता है -First Attempt In Learning.”

Exit mobile version