Dr. APJ Abdul Kalam Death Anniversary : भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और युवाओं के प्रेरणास्रोत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की आज पुण्यतिथि है। बता दें कि 27 जुलाई 2015 को वह हम सभी को छोड़कर इस दुनिया से विदा हो गए थे। आज उनकी 10वीं डेथ एनिवर्सरी पर पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
डॉ. कलाम न केवल एक अद्वितीय वैज्ञानिक थे, बल्कि उन्हें भारत के “मिसाइल मैन” के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने भारत के रक्षा और अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और भारत रत्न जैसे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी सम्मानित किए गए। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…
बचपन में किया संघर्ष, आर्थिक तंगी के कारण बांटा अखबार
बता दें कि 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में जन्मे अब्दुल कलाम का बचपन बेहद साधारण और संघर्षमय रहा। उनके पिता जैनुलाब्दीन नाव चलाते थे और माता आशियम्मा गृहिणी थीं। वहीं आर्थिक तंगी के कारण कलाम ने बचपन में अखबार बांटने का काम किया ताकि अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा रामेश्वरम से प्राप्त की और फिर 1954 में त्रिची के सेंट जोसेफ कॉलेज से विज्ञान में स्नातक की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने 1957 में मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।
वैज्ञानिक से राष्ट्रपति तक का सफर
डॉ. कलाम ने अपने जीवन के करीब 40 साल रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में सेवाएं दीं। उन्होंने भारत के लिए अग्नि, पृथ्वी जैसे कई मिसाइलों के विकास में अहम भूमिका निभाई। बता दें कि 1992 से 1999 तक वे भारत के रक्षा मंत्री के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार भी रहे। साल 2002 में वे भारत के 11वें राष्ट्रपति बने और 2007 तक इस पद पर कार्यरत रहे।
पायलट बनना चाहते थे… बने देश के ‘राष्ट्रपति’
डॉ. कलाम का सपना पायलट बनने का था। उन्होंने इसके लिए प्रयास भी किया, लेकिन चयन नहीं हो सका। हालांकि, वह इससे निराश नहीं हुए और विज्ञान के क्षेत्र में अपना नाम अमर कर दिया। उनकी सोच थी कि “छोटे लक्ष्य अपराध हैं, बड़ा सोचो।”दरअसल, डॉ. कलाम का बचपन से ही सपना था कि वे पायलट बनें और आसमान की ऊंचाइयों को छुएं, लेकिन उनकी यह ख्वाहिश अधूरी रह गई। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने देहरादून में वायुसेना की प्रवेश परीक्षा दी। वे परीक्षा में पास हो गए। इसके बाद इंटरव्यू हुआ, लेकिन 25 उम्मीदवारों में से केवल 8 उम्मीदवारों का ही चयन होना था और कलाम साहब 9वें स्थान पर थे। इसलिए उनका चयन नहीं हुआ। इस असफलता ने उन्हें बहुत निराश किया। उन्होंने अपनी किताब “माई जर्नी: ट्रांसफॉर्मिंग ड्रीम्स इनटू एक्शन्स” में इसका जिक्र किया है।
सम्मान और पुरस्कार
डॉ. कलाम को भारत सरकार ने उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा:
1981 – पद्म भूषण
1990 – पद्म विभूषण
1997 – भारत रत्न (भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान)
अंतिम क्षणों तक छात्रों के बीच रहे
डॉ. कलाम को शिक्षा और युवाओं से विशेष लगाव था। वे अक्सर छात्रों को प्रेरित करते रहते थे। वहीं 27 जुलाई 2015 को IIM शिलांग में लेक्चर देते समय डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

