Dr. Palak Selected for Best NSS Award : नारनौल। राजकीय महाविद्यालय, नारनौल की सहायक प्रोफेसर डॉ. पलक का सत्र 2025-26 के लिए इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी के विश्वविद्यालय स्तरीय बेस्ट एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर पुरस्कार के लिए चयन हुआ है।
उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने डॉ. पलक को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके मेहनत, समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय रहते हैं।
महाविद्यालय के काउंसिल सदस्य एवं वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि डॉ. पलक ने पिछले पांच वर्षों के दौरान एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में अनेक स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार विश्वविद्यालय स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार समारोह 22 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी के कल्पना चावला भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह में चयनित पुरस्कार विजेताओं के साथ उनके अभिभावकों और संबंधित प्रोग्राम ऑफिसरों को भी आमंत्रित किया गया है।
एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर सत्यपाल सूलोदिया ने बताया कि डॉ. पलक ने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एनएसएस की मूल भावना ‘नॉट मी बट यू’ (मैं नहीं, आप) को व्यवहार में उतारते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।
डॉ. पलक ने अपनी उपलब्धि का श्रेय महाविद्यालय के प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों, एनएसएस की सभी इकाइयों तथा परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरित करेगा। महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. नरेश कुमार, डॉ. मीना कुमारी, डॉ. विजय दीप गौड़, डॉ. प्रवीण गौरिया, डॉ. अर्चना गुप्ता, डॉ. पूनम राव, डॉ. महेश शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने डॉ. पलक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें : हरियाणा-एनसीआर से जल्द विदा होगा मानसून, 21 से बदलेगा मौसम
मेष: दिन शुभ रहेगा...