Site icon Dainik Savera Times

UP में आज जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची, 3 करोड़ लोगों के नाम कटने का खतरा, कैसे चेक करें?

UP Draft Voter List

UP Draft Voter List

UP Draft Voter List : उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जा रही है। बता दें कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा आज दोपहर 3 बजे लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस सूची से जुड़े आंकड़े और बदलाव मीडिया के सामने पेश करेंगे।

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होते ही राज्य के मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने नाम, मतदान केंद्र और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी ऑनलाइन चेक कर सकेंगे। यह सूची आगामी चुनावों की तैयारी में अहम भूमिका निभाएगी, क्योंकि इससे यह साफ हो जाएगा कि कौन मतदाता सूची में है और किन लोगों को दावे या आपत्ति दर्ज कराने की आवश्यकता है।

लगभग 3 करोड़ नाम कटने की संभावना

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अब तक कुल 15.44 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। SIR प्रक्रिया के बाद जारी ड्राफ्ट सूची में अब लगभग 12.55 करोड़ मतदाता ही शामिल होंगे। यानी करीब 2.89 करोड़ नाम सूची से हटाए गए हैं।

सूची से हटाए गए मतदाताओं में मुख्य रूप से ये श्रेणियां शामिल हैं:

स्थायी रूप से अन्य जिले या राज्य में स्थानांतरित मतदाता

दो या अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाता

गणना प्रपत्र (Enumeration Form) न भरने वाले मतदाता

लंबे समय से अपने पते पर उपलब्ध न होने वाले मतदाता

निर्वाचन आयोग ने बताया कि यह कदम सूची को साफ-सुथरा और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक था।

करीब 1 करोड़ मतदाताओं को नोटिस

इस प्रक्रिया में लगभग 1 करोड़ मतदाताओं की पहचान और पते की पुष्टि नहीं हो सकी। ऐसे मतदाताओं को उनके संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) की ओर से नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस मिलने के बाद उन्हें अपनी पहचान और पते से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे। 12 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से किसी एक की कॉपी और हस्ताक्षर आवश्यक होंगे। दस्तावेज सही पाए जाने पर उनका नाम दोबारा मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।

दावे और आपत्तियां 6 फरवरी तक

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होते ही दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मतदाता आज से 6 फरवरी तक अपनी जानकारी की जांच कर सकते हैं और यदि उनका नाम गलती से हट गया हो तो इसे वापस जोड़ने का दावा कर सकते हैं।

लखनऊ में सबसे ज्यादा कटे नाम

राज्य की राजधानी लखनऊ में सबसे अधिक नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं। अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ जिले में लगभग 12 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। इनमें

4.57 लाख मतदाता दिए गए पते पर नहीं मिले

1.27 लाख मृतक मतदाता

5.39 लाख अन्य विधानसभा या जिले में शिफ्ट

और कई लोगों ने गणना प्रपत्र भरने से मना किया

2003 की सूची पर आधारित मैपिंग

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम 2003 की सूची में दर्ज था या जिनके अभिभावक उस सूची में थे, उनके नाम सुरक्षित रखे गए हैं। अन्य मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने के लिए नोटिस भेजा जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची के जारी होने के बाद मतदाता वेबसाइट पर जाकर आसानी से अपनी जानकारी जांच सकते हैं और आवश्यक होने पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

ये भी पढ़ें: इस जिले में पहली महिला ऑटो ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम

अंतिम सूची 6 मार्च को

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह ड्राफ्ट सूची अंतिम नहीं है। दावे और आपत्तियों के निपटारे के बाद 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिस आधार पर आगामी चुनावों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Exit mobile version