Site icon Dainik Savera Times

बंगाल में डीआरआई ने नशीली दवाओं के कारोबार के पांच सरगनाओं को बड़ी खेप के साथ पकड़ा

कोलकाता: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और सिलीगुड़ी सिटी पुलिस के विशेष अभियान समूह के युक्त अभियान में एक सीमा पार मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मादक पदार्थों की बड़ी खेप और नकद के साथ गिरोह के पांच सरगनाओं को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पांच लोगों को मंगलवार रात दो टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।

पहले आपरेशन में संयुक्त टीम ने सिलीगुड़ी से सटे बागडोगरा के भुट्टाबाड़ी इलाके में एक वाहन से 893 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिसका बाजार मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक है। उनके पास से 17 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान राजू शेख, गौतम मंडल और भाट के रूप में की हुई है। ये सभी मालदा जिले के निवासी हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वे नशीले पदार्थों की खेप सिलीगुड़ी में बेचने की योजना बना रहे थे। एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने सिलीगुड़ी से सटे न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर दो लोगों को 16 विदेशी सोने के बिस्कुट के साथ को गिरफ्तार किया जिनका कुल वजन 2.35 किलोग्राम है। जब्त सोने की खेप की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। इस मामले में गिरफ्तार दो लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद निजामुद्दीन और धनबाद निवासी अंसारुल्ला खान के रूप में की गई है। वे त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से आ रहे थे।

Exit mobile version