Site icon Dainik Savera Times

विदेशों से मंगाया 3,45,25,000 रू का अवैध हाइब्रिड गांजा, एमडी ड्रग्स जब्त

Drug Seized

Drug Seized

Drug Seized : गुजरात में अहमदाबाद शहर के शाहीबाग क्षेत्र में संदिग्ध पार्सलों से 3,45,25,000/- रूपये कीमत का अवैध आयातित हाइब्रिड गांजा, एमडी ड्रग्स और चरस जब्त कर लिए गए। अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सूचना के आधार पर शाहीबाग विदेशी डाकघर (आयात) विभाग में आए 105 संदिग्ध पार्सलों का निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई के दौरान पार्सलों में खिलौनों और अन्य खाद्य पदार्थों की आड़ में यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका), कनाडा और थाईलैंड जैसे देशों से अवैध रूप से आयातित हाइब्रिड गांजा, एम.डी. ड्रग्स और चरस कुल मिलाकर 3,45,25,000 रुपये का सामान जब्त किया गया।

पार्सल में यह भी-
संदिग्ध पार्सलों में 3,12,50,000 रुपये कीमत का हाईब्रिड गांजा 10550 ग्राम, 3,95,000 रुपये की चरस 79 ग्राम , 24,80,000 रुपये कीमत का एमडी ड्रग्स 248 ग्राम, कैनाबिल तेल की पांच मि.ली की कुल 32 ग्लास ट्यूब, आइसोप्रोपिल नाइट्रेट 25 मिली की छह बोतलें सहित कुल 3,45,25,000 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

अलग-अलग देशों से मंगाया हाइब्रिड गांजा-
डीसीबी क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि क्राइम ब्रांच की टीम को जानकारी मिली थी कि इंटरनेट के माध्यम से खिलौनों और अन्य खाद्य पदार्थों की आड़ में अहमदाबाद शहर के शाहीबाग इलाके में भारतीय डाक विभाग के विदेशी डाकघर (आयात) विभाग में संदिग्ध पार्सल अलग-अलग देश से आए हैं जिसमें अवैध रूप से हाइब्रिड गांजा मंगाया गया है।

डार्क वेब आर्डर-
डार्क वेब और इंटरनेट के माध्यम से यूएसए (संयुक्त राज्य अमेरिका), कनाडा और थाईलैंड जैसे देशों से अधूरे पते या गलत पते और गलत नाम पर अवैध रूप से गांजा, चरस, एमडी ड्रग्स जैसे मादक पदार्थ कुछ व्यक्तियों द्वारा मंगाया जाता है। विदेश से भेजे जाने वाले पार्सल में सॉफ्ट टॉयज और खाद्य पदार्थ, प्रोटीन पाउडर आदि सामान की आड़ में मादक पदार्थ भेजे जाते हैं।

Exit mobile version