Site icon Dainik Savera Times

नशा तस्कर गिरफ्तार, पंजाब ले जा रहा था ड्रग्स, जम्मू-कश्मीर में भी केस

Drug smuggler arrested from Panipat

Drug smuggler arrested from Panipat

Drug smuggler arrested from Panipat : पानीपत। हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पानीपत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। समालखा में जीटी रोड सर्विस लेन पर एंटी नारकोटिक्स सेल ने नाकाबंदी के दौरान एक कैंटर से 10 क्विंटल 33 किलो 970 ग्राम डोडा चूरापोस्त बरामद कर पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

आरोपी होशियारपुर का रहने वाला

डीएसपी मुकेश कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से डोडा चूरापोस्त की बड़ी खेप पंजाब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर एएसआई पुष्पेंद्र के नेतृत्व में टीम ने समालखा के पास जीटी रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ पुलिस ने आरोपी की पहचान नितीश उर्फ निशू पुत्र नितीश कौशल (37), निवासी होशियारपुर (पंजाब) के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैंटर चालक है और मध्य प्रदेश से डोडा चूरापोस्त लेकर पंजाब के होशियारपुर में रवि नामक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था।

नशा तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटी पुलिस

डीएसपी मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी जम्मू-कश्मीर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस तस्करी में कैंटर का मालिक भी शामिल हो सकता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पानीपत पुलिस ने नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स सेल के साथ-साथ थाना स्तर पर भी विशेष टीमें गठित कर रखी हैं, जो लगातार गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं। इतनी बड़ी मात्रा में डोडा चूरापोस्त की बरामदगी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता है। पुलिस ने कैंटर, डोडा चूरापोस्त तथा अन्य सामान को कब्जे में लेकर थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

तिरपाल और माल के नीचे छिपाया था नशा

आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कैंटर की बॉडी में सबसे नीचे 51 प्लास्टिक कट्टों में डोडा चूरापोस्त रखा था। इसके ऊपर कंडीशनर की 601 पेटियां लोड कर दी गई थीं, ताकि मादक पदार्थ पूरी तरह छिपा रहे और किसी को संदेह न हो। इसके बाद पूरी बॉडी को तिरपाल से ढक दिया गया था। हालांकि, सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तलाशी लेकर पूरी खेप बरामद कर ली।

Also Read

Exit mobile version