Site icon Dainik Savera Times

नौकरी पाने का शानदार मौका… DTC में सीनियर मैनेजर के पदों पर निकली भर्तियां; जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

DTC Recruitment 2026

DTC Recruitment 2026

DTC Recruitment 2026: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने वर्ष 2026 के लिए सीनियर मैनेजर पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती अभियान के तहत ट्रैफिक और मैकेनिकल विभाग में कुल 61 रिक्तियां भरी जाएंगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता और संबंधित क्षेत्र का अनुभव अहम भूमिका निभाएंगे। नियुक्तियां सीधी भर्ती, पदोन्नति और प्रतिनियुक्ति/स्थानांतरण के माध्यम से की जाएंगी।

मैकेनिकल विभाग में 30 पद

मैकेनिकल विंग में सीनियर मैनेजर के 30 पद उपलब्ध हैं। इनमें 20 पद पदोन्नति से और 10 पद सीधी भर्ती के जरिए भरे जाएंगे। यह पद ग्रुप ‘ए’ श्रेणी का है और वेतनमान 15,600 से 39,100 रुपये (ग्रेड पे 6,600 रुपये) निर्धारित किया गया है, जो 7वें वेतन आयोग के लेवल-11 के अनुरूप है।

सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है। हालांकि सरकारी और DTC कर्मचारियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास मैकेनिकल या ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही ऑटोमोबाइल वाहनों की मरम्मत और मेंटेनेंस क्षेत्र में कम से कम 8 वर्ष का अनुभव जरूरी है। उम्मीदवार को प्रबंधकीय स्तर पर कार्य करने और टीम को संभालने का अनुभव होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को दो वर्ष की प्रोबेशन अवधि पूरी करनी होगी।

ये भी पढ़ें : 50 हजार इनामी बदमाश का UP पुलिस ने किया एनकाउंटर, SP के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली

ट्रैफिक विभाग में 31 रिक्तियां

ट्रैफिक विभाग में सीनियर मैनेजर के 31 पद भरे जाएंगे, जिनमें 20 पद पदोन्नति और 11 पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। वेतन और सेवा शर्तें मैकेनिकल विभाग के समान रहेंगी। सीधी भर्ती के लिए आयु सीमा 45 वर्ष तक है, जबकि पात्र सरकारी और DTC कर्मियों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।

इन पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री आवश्यक है। साथ ही राज्य सड़क परिवहन निगम या बस संचालन से जुड़े संस्थान में कम से कम 8 वर्ष का प्रबंधकीय अनुभव होना चाहिए। उम्मीदवार को रूट प्लानिंग, टाइम-टेबल तैयार करने और संचालन प्रबंधन की समझ होनी चाहिए। विधि या MBA डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता मिल सकती है। पदोन्नति या प्रतिनियुक्ति के लिए निर्धारित अनुभव शर्तें लागू होंगी। यहां भी चयनित उम्मीदवारों को दो साल की परिवीक्षा अवधि से गुजरना होगा।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी DTC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

ये भी देखें : Drone से होगी Smart खेती, हिसार में किसानों के लिए बड़ा तोहफा

Exit mobile version