Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

डंपिंग यार्ड में लगी आग पर काबू पाने की चुनौती, तेज हवा ने बढ़ाई मुश्किलें…

March 6, 2025

डंपिंग यार्ड में लगी आग पर काबू पाने की चुनौती, तेज हवा ने बढ़ाई मुश्किलें…

Dumping Yard Fire : नोएडा के सेक्टर 32ए में नोएडा प्राधिकरण के हॉर्टकिल्चर विभाग के बने डंपिंग ग्राउंड में लगी आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। इस आग को बुझाने में अभी 4 से 5 दिन का वक्त और लगने वाला है। पूरे इलाके को फायर कर्मचारी ने आइसोलेट जरूर कर लिया है, जिसके चलते अब यह आगे नहीं फैलेगी, लेकिन इसे पूरी तरह बुझा पाने में लगे फायर ब्रिगेड के लोग अभी कई दिन लगने की बात कर रहे हैं।

इसके अलावा, तेज हवा भी फायर कर्मचारी के कार्य में बाधा पहुंचा रही है और वहां पर उड़ने वाले धुएं ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के रिहायशी इलाकों, सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए भी परेशानी खड़ी कर दी है। इस आग के चलते निकलने वाला धुआं इतना ज्यादा घना है कि आसपास की सड़कों पर वाहन चालकों को सामने 10 से 20 मीटर भी नहीं दिखाई दे रहा है, जिसके कारण एक्सीडेंट होने का खतरा लगातार बढ़ गया है।

आसपास के लोगों का जीना मुहाल

इसके अलावा, इस जहरीले धुएं से आसपास के सेक्टर के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। यह धुआं उनके घरों में घुस गया है, जिसकी वजह से उन्हें घर छोड़कर अपने रिश्तेदारों या बाहर दूसरा ठिकाना ढूंढना पड़ा है। इस आग को लेकर फायर ऑफिसर प्रदीप चौबे ने आईएएनएस से खास बातचीत करते हुए बताया कि आग को काबू पाने में अभी 4 से 5 दिन का वक्त लग सकता है। अगर इस बीच कोई बड़ी आग कहीं और नहीं लगी, तब ज्यादा से ज्यादा मैनपावर और गाड़ियों का इस्तेमाल कर इस आग पर काबू पाया जा सकता है।

डंपिंग ग्राउंड 30 से 40 फुट गहरा

सूखी पत्तियां, पेड़-पौधों और खाद समेत अन्य तरह के वेस्ट का यह डंपिंग ग्राउंड करीब 30 से 40 फुट गहरा है और अंदर तक पानी न पहुंच पाने के कारण इसमें लगी आग को बुझाने में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी असमर्थ हो रहे हैं। इसके अलावा, तेज हवा ने भी फायर ब्रिगेड का काम बड़ा रखा है और इस आग से निकलने वाले घने धुएं से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अभी फिलहाल 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं, जो आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं। इस डंपिंग ग्राउंड के आसपास के इलाकों की बात करें तो इसमें सेक्टर 30, सेक्टर 31, सेक्टर 32, सेक्टर 34, सेक्टर 35, मोरना गांव, सेक्टर 54, होशियारपुर आदि इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को इस धुएं के कारण काफी ज्यादा सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेज चल रही हवा इस धुएं को काफी दूर तक ले जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें