
नई दिल्ली: भारत के कई हिस्सों में आज दोपहर को भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिससे लोग दहशत में अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। भूकंप के ये झटके खासकर पूर्वोत्तर भारत के असम और पश्चिम बंगाल में जोरदार तरीके से महसूस किए गए। जबकि कर्नाटक के रायचूर में भी हल्की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
असम के उदलगुरी में रहा भूकंप का केंद्र
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस (GFZ) के अनुसार, दोपहर 2:41 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई। इसका केंद्र असम के उदलगुरी जिले में रहा, जो जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इस कम गहराई की वजह से झटके काफी तीव्र महसूस किए गए।
उत्तर बंगाल और भूटान तक महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके असम के गुवाहाटी, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल के कई अन्य हिस्सों में स्पष्ट रूप से महसूस किए गए। इसके अलावा, झटकों की गूंज भूटान और बांग्लादेश के उत्तरी क्षेत्रों तक पहुंची, जिससे कई इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय प्रशासन सतर्क
असम प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
कर्नाटक के रायचूर में भी आया हल्का भूकंप
रविवार को ही कर्नाटक के रायचूर जिले में दोपहर 1:44 बजे भूकंप का हल्का झटका दर्ज किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, इसकी तीव्रता 2.7 थी और केंद्र लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। हालांकि यह भूकंप कम तीव्रता का था, लेकिन क्षेत्रीय अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए भूगर्भीय गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही है।
ये भी पढ़ें: जालंधर थाने में ASI को रिश्वत लेते विजिलेंस ने किया गिरफ्तार, 8 हजार रुपए बरामद
मेष: दिन शुभ रहेगा...