नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की समूह कंपनियों के खिलाफ चल रही धनशोधन जांच का दायरा व्यापक करते हुए एक नया मामला दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजैंसी ने रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड (आरकॉम) के खिलाफ यह मामला एसबीआई से जुड़े 2,929 करोड़ रुपए के कथित कर्ज धोखाधड़ी मामले में दर्ज किया है। सूत्रों ने बताया कि इस नए मामले में ईडी ने हाल ही में एक प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज की है जो केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा 21 अगस्त को की गई शिकायत पर आधारित है।
सीबीआई ने इस मामले में 23 अगस्त को मुंबई में रिलायंस कम्युनिकेशंस के परिसरों और अनिल अंबानी के आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। इस नए ईडी मामले में वही आरोपी बनाए गए हैं जो सीबीआई की प्राथमिकी में शामिल थे। इनमें आरकॉम के निदेशक अनिल अंबानी, कुछ अज्ञत सरकारी अधिकारी और अन्य शामिल हैं। सूत्रों ने कहा कि अनिल अंबानी समूह की कंपनियों से जुड़े कथित धोखाधड़ी के सभी पहलुओं और इन मामलों के किसी भी संभावित अंतर-संबंध की जांच के लिए धनशोधन जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
ये भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते देशभर में घट रही LPG सप्लाई, होटल-रेस्टोरेंट हो सकते हैं बंद

