Site icon Dainik Savera Times

एमपी सरकार की जमीन की अवैध बिक्री से जुड़े पीएमएलए मामले में ईडी ने 26 लाख जब्त किए

नई दिल्ली: ईडी ने हाल में मध्य प्रदेश के धार स्थित विभिन्न आरोपी व्यक्तियों से जुड़े आठ परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 151 करोड़ रुपये से अधिक की मध्य प्रदेश सरकार की जमीन की अवैध बिक्री से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले का हिस्सा थी। तलाशी के दौरान 26 लाख रुपये नकद, अवैध रूप से अर्जति अचल संपत्तियों का विवरण और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद और जब्त किए गए। ईडी ने मध्य प्रदेश सरकार के मालिकाना हक वाली जमीन के अवैध हस्तांतरण के संबंध में धार जिले में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी।

सुधीर रत्नाकर पीटर दास और अन्य पर आरोप है कि उन्होंने मूल रूप से धार के तत्कालीन ‘महाराजा’ आनंद राव पवार द्वारा दी गई जमीन को कनाडाई प्रेस्बिटेरियन मिशन के डॉ. (मिस) मार्गरेट ओ’हारा को हस्तांतरित करने के लिए षड्यंत्र रचा था। जमीन का उद्देश्य महिला अस्पताल और डॉक्टरों के लिए आवासीय सुविधा स्थापित करना था।

ईडी की जांच से पता चला कि आरोपी व्यक्तियों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर मध्य प्रदेश सरकार की कई एकड़ बेशकीमती जमीन को अवैध रूप से हस्तांतरित कर दिया। जमीन का वर्तमान मूल्य 151 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। इन जमीनों को अलग कर दिया गया और बाद में विभिन्न आरोपी पक्षों को बेच दिया गया, जिस कारण मध्य प्रदेश सरकार को बड़ा नुकसान हुआ। अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version