Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान से आठ की मौत, बारिश के बाद चेन्नई हवाई अड्डा शुरू

December 5, 2023

तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान से आठ की मौत, बारिश के बाद चेन्नई हवाई अड्डा शुरू

चेन्नई : तमिलनाडु के शहर चेन्नई में चक्रवात के कारण हुई भारी वर्षा से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी। यातायात अपडेट पर पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि भारी वर्षा के कारण बाढ़ में डूबने और बिजली का झटका लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और घायल हुए 12 लोगों को अस्पतालों में भर्ती किया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन और बचाव सेवा विभाग के अधिकारियों के साथ राहत-बचाव कार्य में शामिल हैं।

चेन्नई हवाई अड्डे का हवाई क्षेत्र खुला
चेन्नई में बारिश रुकने के बाद यहां के हवाई अड्डे का हवाई क्षेत्र (एयरफील्ड एरिया) मंगलवार सुबह नौ बजे से खोल दिया गया और एयरलाइनों और अन्य हितधारकों को विमान के संचालन की योजना बनाने के लिए सूचित कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश थम गई है और चेन्नई हवाई अड्डा क्षेत्र में जलस्तर कम हो गया है। उन्होंने कहा कि रनवे या टैक्सीवे पर जलजमाव नहीं है तथा अन्य जगहों से कीचड़ व गंदगी को साफ किया जा रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि हवाईअड्डे पर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए प्रस्थान यानी विमानों की रवानगी वाली उड़ानों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चेन्नई हवाई अड्डे पर 21 विमान रुके हैं तथा र्टिमनलों के अंदर लगभग 1500 यात्री हैं। अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे के विभिन्न आउटलेट में पर्याप्त मात्रा में भोजन तथा खाद्य सामग्री उपलब्ध है। चक्रवाती तूफान ‘मिगजॉम’ की वजह से सोमवार को चेन्नई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे यहां के हवाई अड्डे के लिए हवाई सेवाएं बंद कर दी गईं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें