Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा, चुनाव आयोग ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

May 6, 2026

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा, चुनाव आयोग ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा, झड़प और तोड़फोड़ की खबरें सामने आ रही हैं। हालात को देखते हुए चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने साफ कहा है कि हिंसा फैलाने या तोड़फोड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और केंद्रीय बलों के वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा है।

ये भी पढ़ें: डॉलर इंडेक्स में गिरावट से सोना-चांदी में तेजी, करीब 2.70% तक उछाल

इसके साथ ही सभी जिलों के डीएम, एसपी और पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हालात को काबू में रखा जा सके। चुनाव आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव के बाद किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा।

न्यूटाउन में कार्यकर्ता की हत्या से बढ़ा तनाव

मंगलवार को कोलकाता के न्यूटाउन इलाके में एक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या ने हालात को और बिगाड़ दिया। मृतक की पहचान मधु मंडल के रूप में हुई है, जो भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इस घटना में टीएमसी समर्थकों का हाथ है। इस हत्या के बाद इलाके में भारी गुस्सा फैल गया और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

कई जिलों में हिंसा और आगजनी

सिर्फ न्यूटाउन ही नहीं, बल्कि राज्य के कई अन्य हिस्सों से भी हिंसा की खबरें आई हैं। हावड़ा के जगतबल्लभपुर में टीएमसी कार्यालय में आग लगा दी गई। वहीं कोलकाता के हॉग मार्केट इलाके में भी जमकर हंगामा हुआ। इसके अलावा जलपाईगुड़ी, दक्षिण 24 परगना और आसनसोल में भी टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव हारने के बाद इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि उन्हें हराया नहीं गया, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने ईवीएम में छेड़छाड़ और धांधली के आरोप भी लगाए हैं। वहीं भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए और पद छोड़ देना चाहिए।

ये भी पढ़ें: CM भगवंत मान ने 250 ग्रामीण खेल मैदानों का किया उद्घाटन, खिलाड़ियों के साथ खेली वॉलीबॉल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें