सोनीपत। सोनीपत के इंडस्ट्रियल एरिया में तैनात असिस्टेंट लाइनमैन जयबीर सिंह को रोहतक एसीबी यूनिट ने 3,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। ये कार्रवाई कालूपुर चुंगी के नजदीक हुई।
लाइनमैन एक दुकानदार को नया बिजली मीटर लगवाने के नाम पर परेशान कर रहा था और रुपयों की मांग कर रहा था। ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सोनीपत की दहिया कॉलोनी से जुड़ा है। गली नंबर एक में चारा काटने की मशीन चलाने वाले एक व्यक्ति ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि 10 अप्रैल को आरोपी जयबीर सिंह उसकी दुकान पर आया। जयबीर ने बहाना बनाया कि बिजली का बिल जमा नहीं है और जबरन मीटर उतार कर ले गया।
जब दुकानदार ने अपना काम प्रभावित होते देख दोबारा मीटर लगवाने के लिए जयबीर से गुहार लगाई तो उसने मदद के नाम पर 5,000 रुपये मांगे। दुकानदार की मिन्नतों के बाद सौदा 3,000 रुपये में तय हुआ। शिकायत मिलते ही एसीबी रोहतक की टीम ने रणनीति तैयार की। टीम ने शिकायतकर्ता को पाउडर लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी जयबीर सिंह ने कालूपुर चुंगी के पास शिकायतकर्ता से 3,000 रुपये पकड़े, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया।
मौके पर जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए, तो वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। ब्यूरो की इस त्वरित कार्रवाई से सोनीपत बिजली निगम के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि बिजली विभाग में मीटर और कनेक्शन के नाम पर होने वाली अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। जयबीर सिंह की गिरफ्तारी इस कड़ी में एक कड़ा संदेश है। विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या इस खेल में जयबीर के साथ कोई और उच्चाधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...