नई दिल्ली। केंद्र सरकार की सख्त चेतावनी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) ने बड़ा कदम उठाया है। X ने अपने प्लेटफॉर्म से 600 से ज्यादा अकाउंट डिलीट कर दिए हैं। इसके साथ ही 3500 से अधिक पोस्ट भी हटा दी गई हैं। केंद्र सरकार ने X पर मौजूद अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री पर गंभीर आपत्ति जताई थी। सरकार का कहना था कि प्लेटफॉर्म पर महिलाओं और बच्चों से जुड़ा गलत कंटेंट तेजी से फैल रहा है, जो कानून के खिलाफ है। सरकार की इस आपत्ति के बाद X ने कार्रवाई करते हुए कंटेंट हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
X ने सरकार को दिया आश्वासन
X ने केंद्र सरकार को भरोसा दिलाया है कि आगे से वह अपने प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री को जगह नहीं देगा। साथ ही कंपनी ने कहा है कि वह भारत सरकार के सभी नियमों और कानूनों का पालन करेगी।
आईटी मंत्रालय ने दी थी सख्त चेतावनी
केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने X को एक हफ्ते पहले चेतावनी नोटिस जारी किया था। मंत्रालय ने कहा था कि अगर 72 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं की गई तो X को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रोक AI के गलत इस्तेमाल का आरोप
मंत्रालय ने X के AI चैटबॉट ग्रोक (Grok) पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप है कि ग्रोक का इस्तेमाल करके महिलाओं को बदनाम करने के लिए अपमानजनक और अश्लील तस्वीरें व वीडियो बनाए और शेयर किए जा रहे थे। सरकार ने इसे AI का घोर दुरुपयोग बताया था।
महिलाओं और बच्चों की अश्लील तस्वीरों पर चिंता
एलन मस्क के प्लेटफॉर्म X के AI टूल ग्रोक पर आरोप है कि यह महिलाओं और बच्चों की अश्लील तस्वीरें बना रहा है। इस मुद्दे को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि कई देशों ने चिंता जताई है।
कई देशों ने की ग्रोक की आलोचना
ग्रोक को लेकर फ्रांस, ब्राजील, मलेशिया और यूरोपियन यूनियन सहित कई देशों ने सवाल उठाए हैं। इन देशों का कहना है कि AI टूल्स पर कड़ी निगरानी जरूरी है।
20,000 तस्वीरों के अध्ययन में चौंकाने वाला खुलासा
गैर-लाभकारी संस्था AI फोरेंसिक ने एक रिपोर्ट जारी की है। संस्था ने बताया कि उसने 25 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच ग्रोक द्वारा बनाई गई 20,000 तस्वीरों का विश्लेषण किया।
इस जांच में पाया गया कि करीब 2 प्रतिशत तस्वीरों में 18 साल से कम उम्र के बच्चों को बिकनी या पारदर्शी कपड़ों में दिखाया गया था, जो बेहद गंभीर मामला है।
सरकार की सख्ती से हरकत में आया X
कुल मिलाकर, केंद्र सरकार की सख्ती और चेतावनी के बाद X को मजबूरन एक्शन लेना पड़ा है। अब सरकार और आम जनता दोनों की नजर इस बात पर है कि आगे X और उसके AI टूल्स इस तरह की सामग्री को रोकने में कितने सफल होते हैं।
ये भी पढ़ेंः WPL 2026 : मुंबई इंडियन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से रौंदा, देखें Points Table

