Site icon Dainik Savera Times

10 साल से पहले चांद पर एक शहर बसाकर दिखाएंगे एलन मस्क

नई दिल्ली: टैस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने सोमवार को कहा कि उनका लक्ष्य 10 साल से भी कम समय में चंद्रमा पर एक स्व-विकसित शहर का निर्माण करना है। इसके बाद करीब 20 साल में मंगल ग्रह पर इंसानों की मौजूदगी का प्लान है। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के मुताबिक, स्पेसएक्स ने पहले ही चंद्रमा पर स्व-विकसित शहर बनाने पर ध्यान केंद्रित कर लिया है, क्योंकि यह काम 10 साल से कम समय में संभव है, जबकि मंगल ग्रह पर शहर बसाने में 20 साल या उससे ज्यादा समय लगेगा।

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स का मिशन आज भी वही है-चेतना और जीवन को, जैसा हम जानते हैं, सितारों तक फैलाना। मस्क ने पोस्ट में कहा कि मंगल ग्रह की यात्र केवल तभी संभव है जब ग्रह हर 26 महीने में एक सीध में आ जाएं, और वहां पहुंचने में करीब 6 महीने लगते हैं। जबकि, हम चंद्रमा के लिए हर 10 दिन में प्रक्षेपण कर सकते हैं और वहां पहुंचने में सिर्फ 2 दिन लगते हैं।

इसका मतलब है कि हम मंगल ग्रह पर शहर बनाने की तुलना में चंद्रमा पर शहर बनाने की प्रक्रिया को कहीं अधिक तेजी से पूरा कर सकते हैं। मस्क ने यह भी कहा कि स्पेसएक्स 5 से 7 साल में मंगल ग्रह पर शहर बनाने का प्रयास शुरू करेगा, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित करना है, और इसमें चंद्रमा ज्यादा जल्दी मदद कर सकता है।

Exit mobile version