
नेशनल डेस्क : भारत में 50 साल पहले 25 जून 1975 को आज ही के दिन इमरजेंसी लागू की गई थी। उस दौर को याद कर आज भी लोग सिहर जाते हैं। आपातकाल के दौरान महिलाएं अपने बच्चों को घरों में छिपाकर रखती थीं। गांवों में दहशत का माहौल था। इमरजेंसी के दौरान चला नसबंदी का अभियान आज भी चर्चा में रहता है। बता दें कि 1976 में भारत में लगभग 80 लाख लोगों की जबरन नसबंदी की गई थी।
इनमें अधिकतर पुरुष थे। कई ऐसे लोगों की नसबंदी भी कर दी गई थी, जिनकी शादी नहीं हुई थी। लोग सरकारी अधिकारियों के डर से कुओं और खेतों में छिप जाते थे। पुलिस के हाथ जो कोई भी लगता, उसकी नसबंदी करवा दी जाती। लोग इसे काला दौर मानते हैं, जो किसी जंग से कम नहीं था। सरकारी कर्मचारियों के सामने शर्त रखी गई थी कि नौकरी करनी है तो नसबंदी करवानी होगी।
कई कर्मचारियों ने परिवार पालने के लिए ऐसा किया। पुलिस अपनी मनमानी करती थी। बताया जाता है कि आपातकाल के दौरान दिल्ली के तुर्कमान गेट के पास हिंसक घटना हुई थी। नसबंदी करवाने से इनकार करने पर पुलिस ने गोलियां चली दी थीं। इसके बाद बहुत से परिवारों ने यहां से पलायन कर दिया था।
इंदिरा गांधी की सरकार ने इमरजेंसी के दौरान लगभग 48 अध्यादेश पेश किए। आंतरिक सुरक्षा कानून अधिनियम (मीसा) में ही लगभग 5 संशोधन किए गए। इसके चलते सरकार को अधिक शक्तियां मिल गई थीं। 21 महीने की इमरजेंसी के दौरान न्यायपालिका से काफी शक्तियां छीन ली गईं। सरकार ने संविधान में कई बदलाव किए थे।
विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था, जिसकी वजह से अध्यादेशों को आसानी से संसद की मंजूरी मिल जाती थी। कांग्रेस की सरकार के पास पूर्ण बहुमत भी था। 1977 में इमरजेंसी खत्म हुई, जिसके बाद 3 दशक से सत्ता में मौजूद कांग्रेस शासन का अंत हुआ। इसके बाद जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई।
मेष: दिन शुभ रहेगा...