Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

नोएडा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2 गिरफ्तार, अवैध हथियार व चोरी का सामान हुआ बरामद

November 10, 2024

नोएडा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2 गिरफ्तार, अवैध हथियार व चोरी का सामान हुआ बरामद

नोएडा: पुलिस और बदमाशों के बीच बीती देर रात मुठभेड़ हुई है। जिसमें एक बदमाश को पुलिस ने गोली लगने के बाद घायल हालत में गिरफ्तार किया है। जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया था। जिसको कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से चोरी के वाहन भी बरामद हुए हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि थाना सेक्टर-142 पुलिस व सर्विलांस टीम सेन्ट्रल जोन द्वारा सेक्टर-145 के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि हिंडन पुस्ता रोड़ के किनारे दो संदिग्ध लोग खड़े हुए है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो बदमाश ई-रिक्शा व मोटरसाइकिल के साथ पुस्ता के किनारे खड़े दिखाई दिये। जब पुलिस ने उन्हें टोका तो वो बदमाश भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी।

एक बदमाश के पैर में लगी गोली, 2 गिरफ्तार

पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान रोहित कुमार (25) के रूप में हुई है। घायल अभियुक्त का साथी अनिल कुमार (22) मौके से फरार हो गया था। जिसे कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है।

अवैध हथियार और चोरी का सामान हुआ बरामद

पुलिस को इनके कब्जे से एक ई-रिक्शा, हीरो होण्डा स्पलेन्डर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये नगद, 1 अवैध देशी तमंचा, 1 जिन्दा कारतूस, 1 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद हुए हैं। पूछताछ करने पर बदमाशों ने बताया है कि बरामद ई रिक्शा, मोटरसाइकिल व अन्य माल चोरी का है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिल पर दिल्ली के थाने में एमवी थेप्ट एक्ट में मामला दर्ज है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें