गाजीपुर। शनिवार को जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान गोलियों की आवाज गूंज उठी। इस घटना में 25 हजार रुपए का इनामी शातिर नकबजन मुकेश उर्फ शिप्पू राजभर घायल हो गया। जिसके बाद तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। जिनसे एक तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस व चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। सीओ कासिमाबाद शुभम वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई मिशन शक्ति 5.0 के तहत चल रहे अपराध विरोधी अभियान के दौरान हुई।
मुठभेड़ कैसे हुई
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह और उनकी टीम इलाके में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि इनामी बदमाश चांदपुर मोड़ के पास मौजूद है। पुलिस जब बदमाश को पकड़ने के लिए पहुंची, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। जिसके बाद मुकेश उर्फ शिप्पू को तुरंत सीएचसी खानपुर ले जाया गया। वहां उसका इलाज किया जा रहा है।
बदमाश की पहचान मुकेश उर्फ शिप्पू राजभर पुत्र राधे उर्फ राधेश्याम राजभर सिगारपुर गहिरा, थाना खानपुर, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मुकेश का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ जौनपुर और गाजीपुर जिलों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
अंतर-जिला भागने की फिराक में था बदमाश
क्षेत्राधिकारी सैदपुर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि यह इनामी अपराधी अंतर-जिला भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस और चौकी की टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस टीम चांदपुर मोड़ पर पहुंची, बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, और बदमाश घायल हुआ। पुलिस ने कहा कि जिन चीज़ों को बदमाश के पास से बरामद किया गया है, उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

