Site icon Dainik Savera Times

EPFO ने बदले नियम, अब इस तरह होगा UAN एक्टिवेशन

EPFO UAN activation

EPFO UAN activation

EPFO UAN activation: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने करीब एक सप्ताह तक चले निर्धारित अपग्रेड के बाद अपना यूनिफाइड मेंबर पोर्टल फिर से शुरू कर दिया है। नए पोर्टल में बेहतर डिजाइन, तेज़ प्रोसेसिंग और अधिक सुरक्षित सुविधाएं जोड़ी गई हैं। हालांकि, इस अपग्रेड के साथ ईपीएफओ ने एक बड़ा बदलाव भी किया है। अब UAN (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) का एक्टिवेशन और नया UAN जनरेट करने की सुविधा EPFO पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होगी। इन दोनों सेवाओं को अब सरकार के उमंग ऐप पर स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) के जरिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

EPFO के मुताबिक, यह बदलाव डेटाबेस के एकीकरण और सॉफ्टवेयर के आधुनिकीकरण के तहत किया गया है, ताकि ऑनलाइन सेवाएं पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बन सकें।

नए अपग्रेड के बाद EPFO ने मेंबर सेवाओं में कई अहम बदलाव किए हैं। अब पोर्टल के जरिए UAN एक्टिवेशन नहीं किया जा सकेगा और नया UAN भी वेबसाइट से जारी नहीं होगा। दोनों सुविधाएं पूरी तरह उमंग ऐप पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा यूएएन एक्टिवेशन और नया UAN जारी करने के लिए अब आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, जिन सदस्यों का UAN भूल गया है, उनके लिए उसे दोबारा प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान बना दी गई है।

ये भी पढ़ें- Lawrence Bishnoi gang के दो शूटर मुठभेड़ में ढेर, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई पुलिस वालों की जान

 

यदि आपका UAN अभी तक एक्टिव नहीं हुआ है, तो अब यह प्रक्रिया उमंग ऐप के माध्यम से इस तरह पूरी करनी होगी।

–सबसे पहले अपने मोबाइल में उमंग ऐप डाउनलोड करें।

–इसके बाद ऐप खोलकर EPFO सर्विसेज सेक्शन में जाएं

–इसके बाद “UAN सर्विसेज थ्रू फेस ऑथेंटिकेशन” के तहत “UAN एक्टिवेशन” विकल्प चुनें।

–फिर आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।

–प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका UAN सक्रिय हो जाएगा।

EPFO ने अपनी वेबसाइट से नया UAN जनरेट करने की सुविधा भी हटा दी है। अब जिन कर्मचारियों को नया UAN चाहिए, उन्हें भी उमंग ऐप का इस्तेमाल करना होगा।

–इसके लिए उमंग ऐप में EPFO सर्विसेज खोलें।

–फिर “UAN अलॉटमेंट एंड एक्टिवेशन” विकल्प चुनें।

–इसके बाद आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें और बताए गए निर्देशों का पालन करें।

–सफल सत्यापन के बाद नया UAN जारी कर दिया जाएगा।

अगर किसी कर्मचारी का EPF अकाउंट पहले से है लेकिन अभी तक उसे UAN नहीं मिला है, तो वह भी उमंग ऐप के जरिए इसे प्राप्त कर सकता है।

–इसके लिए कर्मचारी को अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर सत्यापित करना होगा

-आवश्यक सदस्य संबंधी जानकारी भरनी होगी और वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

–सत्यापन सफल होने के बाद नया UAN जारी कर उसे मौजूदा EPF खाते से लिंक कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Today weather 5 July 2026: दिल्ली से लेकर पूर्वी भारत तक बारिश ही बारिश, कई राज्यों में अलर्ट जारी

 

इस तरीके से UAN दोबारा होगा प्राप्त
EPFO ने UAN रिकवरी की प्रक्रिया भी आसान बना दी है। यदि कोई सदस्य अपना UAN भूल गया है, तो उसे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी। इसके बाद पहचान या पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP का सत्यापन करने के बाद सदस्य अपना UAN दोबारा प्राप्त कर सकता है।

हालांकि UAN से जुड़ी अधिकांश सेवाएं उमंग ऐप पर स्थानांतरित कर दी गई हैं, लेकिन ऑनलाइन डेथ क्लेम दाखिल करने की सुविधा अभी भी EPFO के यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।

ये दस्तावेज होने जरूरी
इसके लिए लाभार्थी के पास आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, सदस्य का मृत्यु प्रमाण पत्र, कैंसिल चेक या बैंक पासबुक और आवश्यकता पड़ने पर जन्मतिथि का प्रमाण होना चाहिए। EPFO ने स्पष्ट किया है कि सभी दस्तावेज पीडीएफ फॉर्मेट में अपलोड किए जाएं, प्रत्येक फाइल का आकार 2 एमबी से कम हो और फाइल के नाम में स्पेस न हो।

क्लेम के लिए लग सकता है समय
EPFO ने बताया कि पोर्टल अपग्रेड के बाद शुरुआती दो सप्ताह तक क्लेम और ऑनलाइन अनुरोधों के निपटारे में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है। ऐसा अतिरिक्त सत्यापन और तकनीकी जांच के कारण होगा।

संगठन ने सदस्यों से अपील की है कि वे एक ही अनुरोध को बार-बार सबमिट न करें और पीक समय के दौरान बार-बार लॉगिन करने से भी बचें। इससे सिस्टम पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ेगा और सभी सदस्यों को बेहतर सेवा मिल सकेगी।

आधुनिक सेवाओं से फर्जीवाड़ा होगा कम
EPFO का कहना है कि यह बदलाव डिजिटल सेवाओं को आधुनिक, सुरक्षित और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उमंग ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन लागू होने से फर्जीवाड़े की संभावना कम होगी और पीएफ खाताधारकों को भविष्य में अधिक सुरक्षित और तेज ऑनलाइन सेवाएं मिल सकेंगी।

Exit mobile version