Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

डीएफसी अंबाला में ईआरसी चोरी का खुलासा, जीपीएस तकनीक से बड़ा हादसा टला, चार आरोपी गिरफ्तार

January 6, 2026

डीएफसी अंबाला में ईआरसी चोरी का खुलासा, जीपीएस तकनीक से बड़ा हादसा टला, चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली/अंबाला: डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी ) के अंबाला सेक्शन में ट्रैक सुरक्षा के लिए अपनाई गई सतर्कता और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण सामने आया है। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) की सुरक्षा टीम ने इलास्टिक रेल क्लिप्स (ईआरसी ) चोरी में संलिप्त एक संगठित गिरोह का पदार्फाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़े रेल हादसे को समय रहते टाल दिया गया।

यह अभियान आशीष मिश्र, जीजीएम (सुरक्षा), ईडीएफसी के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें टीम ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर उत्कृष्ट समन्वय और तत्परता का परिचय दिया। दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में न्यू जरौड़ा नारा-न्यू मंसूरपुर सेक्शन में ईआरसी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। ईआरसी रेलवे ट्रैक की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक होते हैं और इनकी चोरी से रेल परिचालन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

27-28 दिसंबर की रात पहली चोरी में 309 ईआरसी गायब पाए गए, जिन्हें सुरक्षा टीम ने गन्ने के खेत से बरामद कर तत्काल खतरे को टाल दिया। आशंका को देखते हुए टीम ने दो बोरियों में रखे ईआरसी के साथ गुप्त रूप से जीपीएस ट्रैकर लगाए और उन्हें संवेदनशील स्थान पर पुन: रखा। 30-31 दिसंबर की रात चोर फिर सक्रिय हुए और 486 ईआरसी चोरी कर पुलिया के नीचे छिपा दिए। जीपीएस ट्रैकर से लोकेशन मिलते ही डीएफसीसीआईएल सुरक्षा टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया। जांच में चोरी का सामान खरीदने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया।

कार्रवाई के बाद डीएफसीसीआईएल ने आसपास के गांवों में जागरूकता अभियान चलाया और पुलिस के साथ समन्वय बैठक कर गश्त बढ़ाने व ब्लैक स्पॉट की पहचान पर चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेल संपत्ति की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और तकनीक के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें