Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

ESIC Sanat Nagar बना स्वास्थ्य सेवाओं का राष्ट्रीय मॉडल, श्रमिक वर्ग के लिए समर्पित स्वास्थ्य सेवा का मिसाल

June 12, 2025

ESIC Sanat Nagar बना स्वास्थ्य सेवाओं का राष्ट्रीय मॉडल, श्रमिक वर्ग के लिए समर्पित स्वास्थ्य सेवा का मिसाल

नेशनल डेस्क (आकाश द्विवेदी): हैदराबाद स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, सनत नगर, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल बन गया है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने इसकी उपलब्धियों को देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया है। 21 एकड़ में फैले इस अत्याधुनिक परिसर के पास 11 एकड़ अतिरिक्त भूमि विस्तार के लिए सुरक्षित रखी गई है, जिससे भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है।

यह अस्पताल 72.6 लाख से अधिक बीमाकृत व्यक्तियों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। इसमें कुल 1044 बेड हैं, जिनमें 159 आईसीयू बेड, 45 डायलिसिस बेड, 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 5 उन्नत ओटी सुइट शामिल हैं। रोजाना यहां 3200 से अधिक मरीज ओपीडी में आते हैं और 200 से ज्यादा भर्ती किए जाते हैं, जो इसे ईएसआईसी नेटवर्क का सबसे व्यस्त स्वास्थ्य केंद्र बनाते हैं।

2019 से यह परिसर ‘500 से अधिक बेड’ श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला ईएसआईसी अस्पताल चुना जा रहा है। यह एनएबीएच (अस्पताल एवं ब्लड बैंक), एनएबीएल एंट्री लेवल और आईएसओ प्रमाणित है, जो इसकी उच्च गुणवत्ता और सेवा मानकों को दर्शाता है।

यहां कार्डियोलॉजी और सीटीवीएस विभागों में टैवी/टावर, सीएबीजी, डिवाइस क्लोजर और इंटरवेंशनल इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी जैसे जटिल ऑपरेशन किए जाते हैं। नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग 24×7 डायलिसिस और किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा देता है। न्यूरोसर्जरी विभाग जाग्रत अवस्था में ऑपरेशन, स्टीरियोटैक्टिक बायोप्सी और इन्ट्रा-ऑपरेटिव न्यूरोमॉनिटरिंग जैसी उन्नत तकनीकों का प्रयोग करता है। प्लास्टिक सर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी, ऑन्कोलॉजी और हेमेटोलॉजी विभागों ने भी राष्ट्रीय औसत से बेहतर नतीजे दिए हैं।

अस्पताल में अत्याधुनिक पैथोलॉजी, इम्यूनो-हिस्टोकैमिस्ट्री, पीसीआर और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी जैसे परीक्षण नियमित रूप से किए जाते हैं। पूरी व्यवस्था ‘धन्वंतरि ईएचआर’ के साथ एकीकृत है, जिससे इलाज की प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस और त्वरित हो गई है।

यह परिसर 5जी एंबुलेंस, होम ड्रग डिलीवरी, ऑनलाइन परामर्श और घर से सैंपल कलेक्शन जैसी डिजिटल सेवाओं में अग्रणी बना है। मानक संचालन प्रक्रियाओं के पालन, संक्रमण नियंत्रण, दवा सुरक्षा, और मरीजों की पहचान की सख्त व्यवस्था से यह स्वास्थ्य क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल बन चुका है। सनत नगर परिसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के विजन को धरातल पर उतारने की मिसाल है।

ये भी पढ़ें- हेल्थ टिप्स: शशांकासन से कम करें चिंता और गुस्सा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें