नई दिल्ली : भारतीय रेलवे ने सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना में 5.3 किलोमीटर लंबी सुरंग संख्या-10 की खुदाई पूरी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 27 नवंबर को इस सुरंग के दोनों छोर आपस में जुड़ गए। इसके साथ ही परियोजना की सभी 14 सुरंगों में खुदाई का काम पूरा हो गया है। इससे सिक्किम को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता और करीब हो गया है।
सुरंग संख्या-10 इस परियोजना की सबसे लंबी सुरंग है। इसकी खुदाई दोनों छोरों के साथ दो प्रवेश सुरंगों के माध्यम से की गई। अब सुरंग की लाइनिंग, पटरी बिछाने और जरूरी रेल सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना का काम किया जाएगा। करीब 45 किलोमीटर लंबी यह ब्रॉडगेज रेल परियोजना पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों के साथ सिक्किम के पाकयोंग जिले से होकर गुजरती है।
पहाड़ी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में बन रही इस रेल लाइन का लगभग 86 फीसदी हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा। परियोजना में 23 पुल भी बनाए जा रहे हैं। इस रेल मार्ग पर सिवोक, रियांग, मेली और रंगपो स्टेशन होंगे, जबकि तीस्ता बाजार में भूमिगत हॉल्ट बनाया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर सिक्किम को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधा संपर्क मिलेगा।
इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के मुकाबले सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा विकल्प मिलेगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

