नई दिल्ली: रोशनी का त्यौहार घरों को खुशियों, रंगों और उत्सव से भर देता है, लेकिन यह प्रदूषण नामक एक अवांछित तत्व को भी साथ लाता है। इस दौरान पटाखों के धुएं, बढ़ते प्रदूषक पदार्थ और बदलते मौसम का परिणाम श्वसन संबंधी समस्याओं, त्वचा में जलन और थकान के रूप में निकलता है। संतुष्टि हॉलिस्टिक हैल्थ एंड डाइट इनसाइट अकादमी की मुख्य आहार विशेषज्ञ और संस्थापक लवलीन कौर ने व्यस्त समय के दौरान बाहर निकलने को सीमित करने और हर्बल चाय या तुलसी युक्त पानी पीने की सलाह दी।
एंटीऑक्सीडेंट युक्त खाद्य पदार्थ जैसे आंवला, हल्दी वाला दूध और घी में भुने हुए सूखे मेवे खाने से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने तथा प्रतिरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलती है। विशेषज्ञों ने बताया कि दिवाली के दौरान वायु की गुणवत्ता में भारी गिरावट आ सकती है, जिसका असर स्वस्थ व्यक्तियों पर भी पड़ सकता है। जियोन लाइफसाइंसेज के सीएमडी और संस्थापक सुरेश गर्ग ने अधिक धुएं वाले पटाखों से बचने और बाहर निकलते समय एन 95 मास्क का उपयोग करने की सलाह दी।
हल्दी, तुलसी या अदरक के साथ हर्बल काढ़े का सेवन करने जैसी सामान्य आदतें श्वसन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में काफी मददगार साबित हो सकती हैं। पोषण विशेषज्ञ एवं आईथ्राइव की सीईओ और संस्थापक मुग्धा प्रधान ने विटामिन सी से भरपूर फलों, हल्दी और अदरक के माध्यम से ‘एंटीऑक्सीडेंट’ का सेवन बढ़ाने का सुझाव दिया। खराब वायु गुणवत्ता के बीच फेफड़ों के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए ‘स्टीडफास्ट न्यूट्रिशन’ के संस्थापक अमन पुरी ने घर के अंदर ही कसरत करने की सलाह दी।

