Dainik Savera Times

बेंगलुरू के रेस्तरां में विस्फोट, IED के इस्तेमाल का शक, जांच के लिए रामेश्वरम कैफे पहुंची NSG की टीम

बेंगलुरू। बेंगलुरू के एक लोकप्रिय रेस्तरां में शुक्रवार दोपहर 12 बजकर 50 मिनट से 1 बजे के बीच बम विस्फोट होने से कम से कम 10 लोग घायल हो गए। विस्फोट की वजह संदिग्ध गैस रिसाव नहीं होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने सभी कोणों से इस घटना की जांच शुरू की है। पुलिस को संदेह है कि इस कैफे में एक बैग में परिष्कृत विस्फोटक (आईईडी) था जिससे यह विस्फोट हुआ हो सकता है। एनआईए और आईबी को इस मामले की जानकारी दे दी गई है। एनआईए की स्थानीय इकाई के अधिकारी बाद में घटनास्थल पर पहुंच गए। बयान के अनुसार, विस्फोट दोपहर 12 बजकर 50 मिनट से एक बजे के बीच हुआ और घटना में होटल के कर्मी एवं ग्राहक सहित कुल 10 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, किसी की मौत नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि व्हाइटफील्ड में लोकप्रिय रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट की वजह और प्रकृति का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है तथा आशंका है कि ‘आईईडी’ से यह वस्फोट हुआ है। इस मामले में जांच एजैंसियों के रडार पर आईएसआई का बल्लारी मॉड्यूल, पीएफ मॉड्यूल और लश्कर-ए-तोयबा का मॉड्यूल है। वहीं, बेंगलुरु पुलिस ने विस्फोट के मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया है।

Exit mobile version