
पुणे : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए, मंगलवार को कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में भारत में लगभग 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले गरीबी के खिलाफ लड़ाई केवल नारों तक ही सीमित थी। मोदी ने विकास के एजैंडे पर और जोर देते हुए पिछले 12 वर्षों में शहरी परिवहन बुनियादी ढांचे में आए ‘बदलाव’ को रेखांकित किया और कहा कि गरीबों को सशक्त बनाना तथा सुशासन देना उनकी सरकार की मुख्य पहचान रही है।
वीडियो कांफ्रैंस के जरिए पुणे मैट्रो लाइन 3 (पिंक लाइन) का उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में 248 किलोमीटर लंबा मैट्रो नैटवर्क परिचालन में था, जबकि अब यह बढ़कर 1,200 किलोमीटर हो गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेहतर शहरी बुनियादी ढांचा देश की आर्थिक वृद्धि को तेज करेगा।
मोदी ने 23 किलोमीटर लंबी ‘पिंक लाइन’ का उद्घाटन किया जिसे 8,300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनाया गया है। यह कॉरिडोर हिंजवाडी आईटी हब को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मैट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। इससे हजारों आईटी पेशेवरों को रोजाना आवागमन में सुविधा मिलने, यातायात जाम कम होने और निजी वाहनों पर निर्भरता घटने की उम्मीद है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...