Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वास्थ्य मंत्री का जिला : आंखों के ऑपरेशन की व्यवस्था ‘बीमार’

September 20, 2026

स्वास्थ्य मंत्री का जिला : आंखों के ऑपरेशन की व्यवस्था ‘बीमार’

Eye surgery system is ‘sick’ : महेंद्रगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले महेंद्रगढ़ में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले में करीब दो महीने से सरकारी स्तर पर आंखों के ऑपरेशन प्रभावित हैं।

जिला मुख्यालय नारनौल स्थित नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन के लिए जरूरी माइक्रोस्कोप मशीन खराब पड़ी है, जबकि महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आंखों के ऑपरेशन की जरूरत वाले गरीब और बुजुर्ग मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार करीब एक वर्ष पहले निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत आंखों के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध थी। वर्ष 2025 में इस सुविधा को बंद कर सरकारी अस्पतालों में उपचार की व्यवस्था पर जोर दिया गया। जिले में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन कुमार और डॉ. आकांक्षा नागरिक अस्पताल नारनौल तथा डॉ. संजय कुमार नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में तैनात हैं।

महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर नहीं होने के कारण डॉ. संजय कुमार यहां मुख्य रूप से मरीजों को परामर्श देते हैं। वे सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को नारनौल जाकर महेंद्रगढ़ से करीब पांच-छह नेत्र रोगियों को ऑपरेशन के लिए ले जाते थे। वहीं, गत एक जुलाई से डॉ. संजय कुमार और डॉ. आकांक्षा दो माह की विशेष ट्रेनिंग के लिए उदयपुर गए हुए थे। दोनों चिकित्सक हाल ही में प्रशिक्षण पूरा कर वापस लौटे हैं।

प्रशिक्षण लेकर लौटे डॉक्टर, लेकिन संसाधनों का अभाव

प्रशिक्षण के बाद नई तकनीकों से लैस होकर लौटे विशेषज्ञ चिकित्सकों के सामने अब अस्पताल में संसाधनों की कमी चुनौती बनी हुई है। मरीजों के अनुसार पिछले दो महीनों से डॉक्टरों के ट्रेनिंग पर होने का हवाला देकर उन्हें इंतजार कराया जा रहा था। अब चिकित्सकों के वापस लौटने के बाद नारनौल अस्पताल की माइक्रोस्कोप मशीन खराब होने से ऑपरेशन शुरू नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टर फिलहाल मरीजों की जांच और दवा लिखने तक सीमित हैं। सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा प्रभावित होने और निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत आंखों के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से गरीब व जरूरतमंद मरीजों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। कई बुजुर्ग मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों में अपनी जेब से उपचार करवाना पड़ रहा है।

राहत ग्रुप बन रहा बुजुर्गों का सहारा

इस बीच क्षेत्र में वर्ष 2009 से काम कर रहा राहत ग्रुप नेत्र रोगियों के लिए मददगार साबित हो रहा है। संस्था की ओर से प्रत्येक माह के पहले रविवार को महेंद्रगढ़ की यादव धर्मशाला में निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाता है। शिविर में चयनित करीब 30 से 35 मरीजों को भिवानी के जालान अस्पताल ले जाकर निशुल्क आंखों के ऑपरेशन करवाए जाते हैं। संस्था की ओर से इस रविवार को 185वां नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। संस्था के अनुसार अब तक बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल चुका है। इस संबंध में जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि नारनौल नागरिक अस्पताल की माइक्रोस्कोप मशीन करीब दो महीने से खराब है। उन्होंने कहा कि आगामी दो सप्ताह के भीतर नई या ठीक की गई मशीन की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके बाद सरकारी अस्पतालों में आंखों के ऑपरेशन फिर से सुचारू रूप से शुरू किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें