कुरुक्षेत्र। परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने के मामले रोजाना नजर में आ रहे हैं। आज ऐसा ही एक मामला कुरुक्षेत्र में भी पेश आया। यहां दसवीं में अपने नंबर सुधारने के लिए परीक्षा दे रही एक छात्रा को पुलिस ने पकड़ लिया।
बता दें कि ये छात्रा कुरुक्षेत्र गुरुकुल में आयोजित परीक्षा के दौरान पकड़ी गई। इसमें पुलिस ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाली युवती और पूरे खेल को संचालित करने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 10वीं की छात्रा के एक रिश्तेदार ने उसकी जगह गणित की परीक्षा दिलाने के लिए कैथल के सीवन निवासी विनोद कुमार से संपर्क किया था।
दोनों के बीच पांच हजार रुपये में सौदा हो गया। तय की गई रकम यूपीआई के जरिये भेज दी गई। इसके बाद विनोद कुमार ने परीक्षा देने के लिए कैथल निवासी एक युवती से संपर्क किया। तय हुआ था कि परीक्षा देने के बाद युवती को तीन हजार रुपये दिए जाएंगे, लेकिन परीक्षा के दौरान ही मामला पकड़ में आ गया। पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह लेक्चरर हैं। शुक्रवार को गुरुकुल में आयोजित 10वीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में बतौर सुपरिंटेंडेंट ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी पर मौजूद एक शिक्षक को परीक्षार्थी युवती पर शक हुआ। जांच पर पाया कि वह दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा देने आई थी।
शिकायत के आधार पर थाना केयूके में मामला दर्ज कर जांच थर्ड गेट चौकी पुलिस को सौंपी गई। थर्ड गेट चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कार्रवाई करते हुए दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाली युवती और परीक्षा दिलवाने के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि अब उस मास्टर माइंड की तलाश की जा रही है, जिसने पूरी साजिश रची थी।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...