Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

9 दिन से लापता किसान पाकिस्तान में मिला, पाक रेंजर्स ने हिरासत में लिया, बीएसएफ को दी जानकारी

July 1, 2025

9 दिन से लापता किसान पाकिस्तान में मिला, पाक रेंजर्स ने हिरासत में लिया, बीएसएफ को दी जानकारी

जलालाबाद: जलालाबाद के गांव खैरे के उताड़ से लापता हुआ किसान अमृतपाल पाकिस्तान के एक पुलिस थाने में मिल गया है। किसान 9 दिन से लापता था। इसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स (Pak Rangers) ने उसे हिरासत में लिया और इसकी जानकारी भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को दी। बीएसएफ अधिकारियों ने अमृतपाल के परिवार को उनके बेटे की सूचना दी है।

परिजनों ने आरोप उनके बेटे को पाकिस्तानी रेंजर्स उठाकर ले गए
बता दें कि अमृतपाल 21 जून को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की बीओपी राणा पोस्ट के पास फैंसिंग पर लगे गेट नंबर-223 पार खेती करने गया था, उसी दिन से वह लापता हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को पाकिस्तानी रेंजर्स उठाकर ले गए हैं। इस संबंधी बीएसएफ ने पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग की, उसमें पाक रेंजर्स ने कहा था कि उनके पास किसान नहीं है। नियमानुसार फैंसिंग पार जाते समय बीएसएफ किसानों का पहचान पत्र गेट पर जमा कर लेती है और वापस लौटने पर ही देती है। उक्त किसान अमृतपाल फैंसिंग पार खेती करने गया था लेकिन वहां से लौटा नहीं था और पहचान पत्र बीएसएफ के पास ही था।

दो दशकों से भी ज्यादा समय से खेती कर रहे
किसान अमृतपाल सिंह के पिता जगराज सिंह ने बताया कि उनके पास लगभग साढ़े आठ एकड़ जमीन है, जो बीओपी राणा पोस्ट और गेट नंबर-223 के अधीन, तारबंदी के भीतर स्थित है। वे पिछले दो दशकों से भी ज्यादा समय से इस जमीन पर खेती कर रहे हैं। 21 जून की दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा अमृतपाल सिंह खेत में काम करने गया था। बेटा पहचान पत्र जमा करवा कर गेट पार खेतों में गया था। लेकिन शाम तक वह वहां से नहीं लौटा।

खेतों में अमृतपाल के पैरों के निशान पाकिस्तान की ओर जाते मिले थे
बीएसएफ ने अगले दिन अमृतपाल की खोज के लिए फैंसिंग पार खेतों में सर्च अभियान चलाया लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया था। खेतों की मिट्टी में अमृतपाल के पैरों के निशान पाकिस्तान की ओर जाते मिले थे। घटना वाले दिन रात करीब 11 बजे तक बीएसएफ के कमांडैंट स्तर के अधिकारी पाकिस्तान रेंजर्स से संपर्क कर रहे थे, लेकिन ज्यादा देर होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया था। अगले दिन करीब शाम 4 बजे भारत-पाक अधिकारियों के बीच फ्लैग मीटिंग हुई थी। उसके बाद बीएसएफ ने परिवार को सूचित किया कि अमृतपाल पाकिस्तान गया है, लेकिन पाक रेंजर्स ने कहा था कि उन्हें ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें