Farmers protest at Ladowal toll : लुधियाना। पंजाब में किसानों का आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) ने मंगलवार को लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा समेत जिले के अन्य टोल प्लाजाओं को चार घंटे तक टोल फ्री कराने का ऐलान किया है।
11 से 4 बजे तक लाडोवाल टोल फ्री
किसान संगठन का कहना है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सभी वाहनों को बिना टोल शुल्क के गुजरने दिया जाएगा। इस प्रदर्शन के जरिए संगठन पंजाब सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगा और किसानों से जुड़े लंबित मुद्दों पर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाएगा। यह पंजाब सरकार की प्रस्तावित लैंड पूलिंग नीति, भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विरोध में किया जा रहा है। किसान नेताओं का कहना है कि पंजाब सरकार दोबारा ऐसी लैंड पूलिंग नीति लागू करने का प्रयास कर रही है, जिससे प्रदेश की उपजाऊ कृषि भूमि कॉरपोरेट घरानों के हाथों में जाने का खतरा है। उन्होंने सरकार से इस नीति को तुरंत रद्द करने की मांग की है।
एफटीए के विरोध में किसानों का मोर्चा
किसानों का आरोप है कि यह नीति कृषि और किसानों के हितों के खिलाफ है। यूनियन ने केंद्र सरकार से भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते से बाहर आने की भी मांग की है। किसान नेताओं का कहना है कि इस तरह के समझौते देश के किसानों, कृषि क्षेत्र और खाद्य सुरक्षा के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। किसान संगठन ने लोगों से आंदोलन को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने की अपील की है। साथ ही वाहन चालकों को भी सूचित किया गया है कि निर्धारित समय के दौरान लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसी भी प्रकार का टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Also Read

