Site icon Dainik Savera Times

एक साथ उठी दो अर्थियां… हादसे में बेटे की मौत की खबर सुन पिता ने भी तोड़ा दम

Death

Death

नेशनल डेस्क: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के चकवा जगदीशपुर गांव में एक बेहद दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। यहां पिता और बेटे की एक साथ अर्थी उठने से गांव में मातम छा गया। दोनों असम से अपने घर होली का त्योहार मनाने के लिए लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन से गिरने के कारण बेटे की मौत हो गई और जब पिता को इस घटना का पता चला तो सदमे में उनकी भी जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा न्यू जलपाईगुड़ी और कटिहार रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान किसी कारण से विजय कुमार राय ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान उनके पिता शंभू राय को इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी और वह ट्रेन में आगे का सफर करते रहे।

जब ट्रेन बरौनी जंक्शन पहुंची तो उसी ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोग बरौनी स्टेशन पहुंचे और शंभू राय को वहां से लेकर निजी वाहन से गांव की ओर रवाना हुए। रास्ते में जब शंभू राय ने अपने बेटे के बारे में पूछा तो परिजनों ने उन्हें पूरी घटना बता दी।

बेटे की मौत की खबर सुनते ही शंभू राय गहरे सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि यह दुख वह सहन नहीं कर सके और रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बाद में रेल पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद विजय कुमार राय के शव को भी देर रात गांव भेज दिया।

जब पिता और पुत्र दोनों के शव एक साथ गांव पहुंचे तो पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। लोगों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस घटना से स्तब्ध था। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय विजय कुमार राय और उनके 68 वर्षीय पिता शंभू राय के रूप में हुई है। दोनों साहेबगंज थाना क्षेत्र के चकवा जगदीशपुर गांव के निवासी थे।

परिवार के सदस्य मंजय कुमार ने बताया कि विजय कुमार राय और उनके पिता शंभू राय असम के डिब्रूगढ़ में रहते थे और काम करते थे। होली का त्योहार मनाने के लिए दोनों घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया। ट्रेन में साथ यात्रा कर रहे एक यात्री ने ही विजय कुमार राय के गिरने और उनकी मौत की जानकारी दी थी, जिसके बाद परिजनों ने रेल पुलिस को इसकी सूचना दी।

इस घटना के बाद पूरे परिवार में गहरा शोक है। पिता और पुत्र की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Exit mobile version