Site icon Dainik Savera Times

पत्नी नाराज होकर चली गई मायके, गुस्से में पिता ने 7 साल की बेटी का सिर धड़ से किया अलग…मची सनसनी

नेशनल डेस्क: बिहार में एक भयावह घटना सामने आई है। खगड़िया में एक शख्स ने गुरुवार सुबह अपनी ही 7 साल की बेटी का सिर काट दिया। जैसे ही पूरे इलाके में खबर फैली वहां सनसनी मच गई। जिला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में बताया कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ कुछ विवाद चल रहा था और गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

 

आरोपी अनुरुद्ध मुनि एक प्रवासी मजदूर है और हाल ही में घर लौटा है। उसका अपनी पत्नी ममता देवी से झगड़ा चल रहा था, नाराज होकर वह अपने बच्चों को लेकर मायके आ गई। अनुरुद्ध इससे इतना नाराज हो गया कि तड़के वह अपने ससुराल पहुंचा और अपनी बेटी का सिर काट दिया। सुबह करीब 4.30 बजे लड़की अपने दो भाइयों संजीव और मंजीत के साथ घर के गेट के पास सो रही थी, तभी पिता ने धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।

 

अपराध को अंजाम देने के बाद अनिरुद्ध मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां बड़ी संख्या में लोगों के जमा हो जाने के कारण वह भागने में असफल रहा। पोरा पुलिस चौकी प्रभारी यदुनंदन यादव ने कहा, ‘ग्रामीणों ने हमें घटना की जानकारी दी और हम तुरंत अपराध स्थल पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है। गोगरी पुलिस स्टेशन में IPC की संबंधित धाराओं के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version