Site icon Dainik Savera Times

देवरिया में रोडवेज बस और टैंकर के बीच में जोरदार भिड़ंत, 35 लोग घायल

Fierce collision between roadways bus and tanker

Fierce collision between roadways bus and tanker

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर डिपो के पास रोडवेज बस और टैंकर के बीच सोमवार को भिड़ंत हो गई। इस हादसे में करीब 30 से 35 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से देवरिया आ रही रोडवेज बस से टैंकर की टक्कर हो गई। टैंकर डिपो से बाहर निकल रहा था, इसी बीच बस की टक्कर हो गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे से हाईवे पर जाम की स्थिति भी बन गई थी। बता दें कि 13 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के संभल में रोडवेज और निजी बस की आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में 12 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। हादसा इतना भयानक था कि दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

हादसा नखासा थाना इलाके के संभल हसनपुर रोड स्थित सिंहपुर के पास हुआ था। एक तरफ से यात्रियों से भरी रोडवेज बस आ रही थी, जबकि सामने से तेज रफ्तार में एक निजी बस भी आ रही थी। अचानक दोनों बसें आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों को गंभीर चोटें आई थीं।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद असमोली के सीओ कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। इससे पहले उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में शनिवार (12 अप्रैल) को सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे।

Exit mobile version