Site icon Dainik Savera Times

गृह मंत्रालय पर भड़काऊ टिप्पणी को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज

कोलकाता : गृह मंत्रालय को लेकर भड़काऊ बयान देने के मामले में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वीरवार को पुलिस ने बताया कि सिलीगुड़ी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक वकील की शिकायत के आधार पर यह केस दर्ज किया गया है। यह शिकायत 2 जून को कोलकाता में रानी राशमोनी रोड पर एक विरोध सभा के दौरान ममता बनर्जी की टिप्पणियों से संबंधित है, जिसमें उन्होंने बंगलादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या का जिक्र किया था और इसमें केंद्रीय गृह मंत्रालय और गृह मंत्री अमित शाह को फंसाने वाले बयान दिए थे।

वकील रिंकी सेन चटर्जी ने ममता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस्मान हादी की हत्या पिछले दिसंबर में बंगलादेश में हुई थी। हादी के हत्यारे मेघालय की सीमा पार करके जनवरी में पश्चिम बंगाल आए थे और राज्य की स्पैशल टास्क फोर्स (एसटीफ) ने उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। ममता बनर्जी ने 2 जून को एक सभा को संबोधित करते हुए इस मुद्दे को उठाया और संकेत दिया कि भले ही हत्या किसी दूसरे देश में हुई हो, लेकिन उन्हें पता है कि इसमें कौन शामिल था।

उन्होंने गृह मंत्रालय पर आरोप लगाया। रिंकी सेन ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थीं, तो वह इस मामले को सीधे गृह मंत्रालय के साथ उठा सकती थीं। सेन की ओर से कहा गया कि लेकिन अब वह दावा कर रही हैं कि बंगलादेश में हुई एक हत्या, गृह मंत्रालय के आदेश पर की गई एक सुनियोजित हत्या थी। इस तरह के आरोप लगाकर, वह भारत और बंगलादेश के बीच तनाव भड़का रही हैं और वैश्विक स्तर पर देश की छवि खराब कर रही हैं। उनकी टिप्पणियों ने बंगलादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है।

Exit mobile version