Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

IAS बताकर शादी के लिए दबाव बनाने वाले युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

December 2, 2024

IAS बताकर शादी के लिए दबाव बनाने वाले युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की चिनहट पुलिस ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ एक छात्र को शादी न करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के दीपक कुमार के रूप में की गयी है। उसके खिलाफ चिनहट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 351 (2) (आपराधिक धमकी) और 79 (शब्द, इशारा या किसी महिला की विनम्रता का अपमान करने का इरादा) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

पीड़िता कानून की पढ़ाई करने वाली एलएलबी की है छात्र
पुलिस ने कहा कि पीड़िता कानून की पढ़ाई करने वाली एलएलबी की छात्र है। पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर 30 नवंबर को मामला दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी से आरोपी दीपक कुमार ने 2020 में व्हाट्सएप के जरिए संपर्क साधा और कहा कि वह बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का रहने वाला है। उसने अपना आधार विवरण भी भेजा था। दीपक ने कहा था कि उसने हरियाणा से बीटेक किया है और 2023-24 में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा उसका चयन आईएएस के रूप में हुआ है और वह दिल्ली में प्रशिक्षण ले रहा है।

दिल्ली में कंप्यूटर से संबंधित निजी क्षेत्र में करता है काम
शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी खुद को आईएएस अधिकारी बताकर वीडियो भेजता था। उन्होंने जब दीपक कुमार के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वह दिल्ली में कंप्यूटर से संबंधित निजी क्षेत्र में काम करता है और लड़कियों के मोबाइल फोन हैक कर उन पर शादी के लिए दबाव बनाता था। उसने कथित तौर पर 2-3 लड़कियों को धोखा दिया है और उसके खिलाफ मामला चल रहा है। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें