Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 3 बच्चियों समेत 9 की मौत; 10 को किया रेस्क्यू

March 18, 2026

दिल्ली में 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 3 बच्चियों समेत 9 की मौत; 10 को किया रेस्क्यू

नेशनल डेस्क:  दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम स्थित साध नगर में आज सुबह करीब 7 बजे एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। जान बचाने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहत और बचाव कार्य

सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की लगभग 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें 3 घायल हैं। फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है और इमारत की तलाशी ली जा रही है।

आग लगने की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और बेसमेंट से शुरू होकर तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े और कॉस्मेटिक सामान के स्टोरेज के लिए किया जा रहा था, जबकि ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे।

घायलों का इलाज

घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दो लोगों का इलाज IGI अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक अन्य घायल को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), हिमांशी (22), दीपिका (28) और तीन नाबालिग लड़कियां (15, 6 और 3 वर्ष) शामिल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें:

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें