नेशनल डेस्क: अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्गापुर चौराहे के पास सुल्तानपुर से प्रयागराज जा रही परिवहन निगम की बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार सभी 42 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े आठ बजे बस दुर्गापुर चौराहे से लगभग एक किलोमीटर पहले पहुंची थी, तभी चालक को बस के आगे वाले हिस्से यानी इंजन की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक मुहम्मद अनीस ने तुरंत बस रोककर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में धुआं और आग तेजी से फैलने लगी।
ये भी पढ़ें: मुझे नहीं लगता कि जीवन में पार्टनर की जरूरत है… शादी को लेकर बोलीं सारा अली खान
आग की लपटें बढ़ते ही बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर चीखने लगे। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को दुर्गापुर चौराहे के पास सड़क किनारे रोका और परिचालक रविकांत तिवारी की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी।
परिचालक के अनुसार, बस में 15 महिलाएं और 27 पुरुष सहित कुल 42 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित बच गए। बाद में यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे के दौरान कई यात्रियों का सामान बस में ही छूट गया। सुल्तानपुर से भूपियामऊ जा रही मंजू नाम की यात्री ने बताया कि जल्दबाजी में उसका एंड्रॉयड मोबाइल फोन बस में ही रह गया। वहीं महिला यात्री सबिता ने कहा कि आग की तेज लपटें देखकर ऐसा लग रहा था जैसे मौत सामने खड़ी हो।
प्राथमिक जांच में बस में आग लगने की वजह तेल की नली में खराबी बताई जा रही है। परिचालक का कहना है कि तेल की पाइप जाम होने के कारण आग लगी। बस में लगी आग के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के बीचोंबीच बस जलने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में आग शांत होने के बाद जेसीबी की मदद से बस के अवशेष सड़क किनारे हटाए गए, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
ये भी पढ़ें: पंचायत चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा दांव… OBC आरक्षण तय करने के लिए नए आयोग का होगा गठन
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के समय दुर्गापुर चौराहे पर बने पुलिस पिकेट पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी काफी देर से मौके पर पहुंची। तब तक आग काफी हद तक बुझ चुकी थी। पीपरपुर थाना प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। जली हुई बस को हाईवे से हटाकर किनारे करा दिया गया है और यातायात बहाल कर दिया गया है। साथ ही पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति की जांच भी कराई जाएगी।

