नेशनल डेस्क: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हासदा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इमारत के अंदर फंस गए।
जानकारी के अनुसार, घटना तुगलकाबाद की गली नंबर-1 में स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास एक मकान में हुई। देर रात करीब 2:25 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग सबसे पहले इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों में लगी थी। देखते ही देखते आग से उठने वाला घना धुआं पूरी इमारत में फैल गया। धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और कई लोग अंदर ही फंस गए।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, यह इमारत ग्राउंड प्लस पांच मंजिला थी। मकान संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकल कर्मियों को राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने बचाईं कई जानें
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। कई घंटों की मेहनत के बाद कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग पर सुबह करीब 3:45 बजे नियंत्रण पा लिया गया था। इसके बाद लगभग 4 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई। हालांकि इसके बावजूद इमारत में फंसे लोगों की तलाश का अभियान कुछ समय तक जारी रखा गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौतें
बचाए गए लोगों में पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। वहीं दो महिलाओं और एक पुरुष को सीएटीएस एम्बुलेंस और पीसीआर की मदद से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसी तीन अन्य महिलाओं का इलाज जारी है। दूसरी ओर एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक पुरुष ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती दो अन्य महिलाओं की हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टर उनकी निगरानी में उपचार कर रहे हैं।
अधिकारियों का मानना है कि आग से ज्यादा नुकसान धुएं के कारण हुआ। पार्किंग में लगी आग से निकला घना धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई लोग धुएं की चपेट में आने के कारण बेहोश हो गए और उन्हें बचाव दल की मदद से बाहर निकाला गया।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या वाहन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

