नेशनल डेस्क: शहर के पास स्थित कृष्णापुर इलाके के जंगल में मंगलवार देर शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया और तेज हवा के कारण तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें जब आबादी वाले इलाके की तरफ बढ़ने लगीं तो आसपास रहने वाले लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इलाके के लोग भी आग पर काबू पाने में मदद करते नजर आए।
ये भी पढ़ें: इबोला वायरस की भारत में एंट्री, बंगलूरू में संक्रमित पाई गई महिला!
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी और सूखे मौसम के कारण जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ गया है। मंगलवार रात कृष्णापुर के जंगलों में लगी आग तेज हवाओं की वजह से तेजी से फैलती चली गई, जिससे हालात और मुश्किल हो गए।
वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने काफी मेहनत के बाद आग को आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंचने से रोक लिया। हालांकि इस दौरान आग सड़क किनारे और हनुमानगढ़ी क्षेत्र की तरफ बढ़ गई, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
फिलहाल वन विभाग और दमकल विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।
रेंजर ललित कार्की ने बताया कि आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ रही आग को रोक लिया गया है। वहीं जंगल के अंदर फैली आग को बुझाने के लिए विभाग की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: SIR प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर या रोक? CJI सूर्यकांत आज सुनाएंगे फैसला

