Site icon Dainik Savera Times

जयमाला हुई, बारातियों ने खाना खाया और फिर चली ताबड़तोड़ गोलियां, 2 युवकों की हुई मौत, इलाके में फैली दहशत

Fire during wedding ceremony

Fire during wedding ceremony

Fire during wedding ceremony: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इस फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गोलीबारी की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

यह मामला भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव का है। बताया गया कि चकिया गांव निवासी नरेश यादव की बेटी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मिनिया गांव से आई थी। बारात आने के बाद जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद सभी ने खाना खाया और आपस में बातचीत करने लगे।

6 हमलावरों के की फायरिंग
इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की आवाज से पूरा समारोह दहल उठा। देखते ही देखते शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

ये भी पढ़ें- Today’s Horoscope 25 Nov 2026: इन 3 राशियों के लिए आज का दिन खुशियों भरा, मिथुन और कर्क वालों को रहना होगा सावधान, पढ़ें दैनिक राशिफल

 

फायरिंग के दौरान एक युवक को बाएं कान और सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक के पेट, दाहिने हाथ की बांह, बाएं हाथ के कंधे और कोहनी के पास गोली लगी। दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और महंत यादव के 21 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, जख्मी युवक दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार है। उसकी दाहिनी जांघ में गोली लगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल और दीपक को मृत घोषित कर दिया। सोनू का इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ वन सुशील कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां जख्मी सोनू से घटना की जानकारी लेने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।

3 युवकों को मारी गोली
एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह के दौरान तीन युवकों को गोली मारी गई, जिसमें दो की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में दो-तीन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। कुछ संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Exit mobile version