Site icon Dainik Savera Times

शोरूम में लगी आग धारा विकराल रूप, NCP नेता जीशान सिद्दीकी ने फायर ब्रिगेड पर लगाए लापरवाही के आरोप

Fire in Mumbai : मुंबई के लिंकिंग रोड पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी भीषण आग पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस घटना को फायर ब्रिगेड की लापरवाही का नतीजा बताया और कहा कि समय पर सही उपकरणों का इस्तेमाल न होने से छोटी सी आग ने विकराल रूप ले लिया।

जीशान ने इस मुद्दे को एनसीपी नेता अजित पवार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के सामने उठाने की बात कही। जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें सुबह 4 बजे आग की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड ने इसे हल्के में लिया। काला धुआं उठ रहा था, फिर भी फायर ब्रिगेड ने समय पर उपकरण नहीं मंगवाए। जब उपकरण आए, तब भी कर्मचारियों को उनका इस्तेमाल करने में दिक्कत हुई।

जीशान ने कहा कि फायर ब्रिगेड को भारी बजट मिलता है, लेकिन उपकरणों का सही इस्तेमाल न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सुबह 6:30 बजे मुंबई के विशेष पुलिस आयुक्त देवेंद्र भारती से भी इस बारे में बात की।

उनके मुताबिक, आग क्रोमा स्टोर के बेसमेंट में शुरू हुई, लेकिन फायर ब्रिगेड आग की जड़ तक नहीं पहुंच सकी। ऊपरी मंजिलों के कांच तोड़ दिए गए, जिससे आग ऊपर की ओर फैल गई और छत भी इसके चपेट में आ गई। जीशान ने कहा कि अगर शुरुआत में सही उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता, तो यह हादसा टल सकता था। आग की चपेट में क्रोमा स्टोर के अलावा ऊपरी मंजिलों पर कपड़ों की दुकानें और एक रेस्तरां भी आ गए। रेस्तरां में सिलेंडर होने से बड़ा धमाका होने का खतरा था, जो आसपास की रिहायशी इमारतों के लिए खतरनाक हो सकता था।

जीशान ने बताया कि आधुनिक उपकरण मौके पर थे, लेकिन उनका इस्तेमाल नहीं हो सका। उन्होंने इसे फायर ब्रिगेड की ट्रेनिंग और तैयारी की कमी का नतीजा बताया और इस लापरवाही की शिकायत करने की बात कही और कहा कि वह इस मामले को अजीत पवार, मुख्यमंत्री फडणवीस और एकनाथ शिंदे के सामने रखेंगे।

बता दें कि मुंबई के बांद्रा के लिंकिन रोड पर लिंक स्क्वायर मॉल में एलेक्ट्रॉनिक शोरूम में आग लग गई। आग लगने से शोरूम को बड़ा नुकसान हुआ। आग सुबह चार बजे लगी। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुआं-धुआं फैल गया।

 

Exit mobile version