Site icon Dainik Savera Times

छतरपुर में ट्रेन के डिब्बे में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में रविवार सुबह गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। अधिकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर ईशानगर थाने के निकट सुबह करीब साढ़े सात बजे ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई। स्टेशन मास्टर आशीष यादव ने बताया कि इस घटना के कारण ट्रेन करीब एक घंटे देरी से पहुंची।

कुरुक्षेत्र और खजुराहो के बीच चलने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस को ईशानगर स्टेशन पर दो मिनट के लिए रुकना था। अधिकारी ने बताया कि जैसे ही गीता जयंती एक्सप्रेस (11842) आगे बढ़ी रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन के डी5 कोच से धुआं निकलते देखा। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया। यादव ने बताया कि डिब्बे के निचले हिस्से में रबड़ के गर्म होने के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि डिब्बे को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ।

Exit mobile version