Narwana: नरवाना में आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल तथा आर्य कन्या महाविद्यालय तीन स्कूलों का ताला तुड़वाकर प्रशासन ने पंजाब एवं हाईकोर्ट के आदेशों की पालना करते हुए कब्जा दिलवाया और वहीं तीन स्कूलों के प्राचार्यों को चार्ज दिलवाया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, क्योंकि कब्जा लेने वाले पक्ष को यह डर था कि कहीं दूसरे पक्ष द्वारा कोई अनहोनी घटना न की जाए। लेकिन दूसरे पक्ष द्वारा कोई भी इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया। प्रशासन द्वारा जब तीनों स्कूलों में कब्जा दिलवाया जा रहा था, तो इस दौरान पूरी वीडियोग्राफी करवाई गई। प्रशासन की ओर से एसडीएम जगदीश चंद्र, तहसीलदार एवं ड्यूटी मैजिस्टेट्र निखिल सिंगला व जिला रजिस्ट्रार कार्यालय से अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा सबसे आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जाकर आर्य स्कूल के प्रधान अनिल आर्य की मौजूदगी में प्राचार्य रघुभूषण गुप्ता को चार्ज दिलवाया गया।
इसके बाद महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में एमडीएन स्कूल के प्रधान भगवान दास की मौजूदगी में सुनीता नारंग व उसके बाद आर्य कन्या महाविद्यालय में तहसीलदार एवं ड्यूटी मैजिस्ट्रेट निखिल सिंगला ने गेटों पर लगे ताले तुड़वाकर आर्य कन्या महाविद्यालय के प्रधान रमेश गर्ग की मौजूदगी में ऊषा सिंगला को प्राचार्य का चार्ज दिलवाया गया। हालांकि तीनों स्कूलों पर प्रशासन द्वारा कब्जा दिलवाने को लेकर दूसरे पक्ष के आर्य प्रतिनिधि सभा हरयाणा, रोहतक के तत्वाधान में काम कर रहे आर्य समाज के प्रधान चंद्रकांत आर्य व एमडीएन स्कूल के प्रबंधक तेजपाल शर्मा ने एसडीएम जगदीश चंद्र व तहसीलदार एवं ड्यूटी निखिल सिंगला को कहा कि 22 सितंबर को पंजाब एवं हाईकोर्ट में तारीख है, लेकिन उससे पहले प्रशासन द्वारा जबरदस्ती ताले तुड़वाकर कब्जा दिलवाया जा रहा है। जोकि कोर्ट के आदेशों की अवमानना है। वहीं चंद्रकांत आर्य ने कहा कि उनके पास पहले कोई नोटिस नहीं आए थे, एकदम ही प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। तीनों स्कूलों की जमीन आर्य प्रतिनिधि सभा हरयाणा, रोहतक की मलकियत है। दूसरा पक्ष करोड़ों रुपए की जमीन हड़पना चाहता है। जिसे हड़पना नहीं दिया जाएगा।
तीनों स्कूल चलाने की अप्रूवल मिल चुकी थी
आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधान अनिल आर्य ने बताया कि 24 दिसंबर, 2024 में नरवाना लघु सचिवालय में चुनाव करवाये गए थे। जिसमें उनको आर्य स्कूल का प्रधान, एमडीएम स्कूल का भगवान दास व आर्य कन्या महाविद्यालय का रमेश गर्ग को प्रधान बनाया गया था। इसके साथ ही अन्य कार्यकारिणी का भी गठन कर लिया गया था। उनको जनवरी या फरवरी 2025 में तीनों स्कूल को चलाने की अप्रूवल मिल चुकी थी। दूसरे पक्ष बिना अप्रूवल के ही स्कूल चला रहा था। इस बारे में प्रशासन को कई बार पत्र लिखे जा चुके थे। जब उनको स्कूल चलाने की अप्रूवल मिलने के बाद चार्ज नहीं दिया गया था, तो उनके द्वारा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोई में याचिका लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि तीनों स्कूलों को पहले की तरह चलाया जाएगा। केवल तीनों स्कूलों के प्रिंसीपल को ही बदला गया है। बाकी स्टाफ ज्यों का त्यों रहेगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी।

